|

1
जल में जीवन
पानी मे भी सुगमता से
बढ़ने वाले पौधे जो
घर का रूप सँवारें और
पर्यावरण भी निखारें
(संकलित)
११- पायलिया मार्था
चीनी मनीप्लांट के नाम से
मशहूर, पाइलिया मार्था पानी में विकसित होने वाले पौधों
में से एक है। यह एक सुगठित और आकर्षक पौधा है जिसके पतले
तनों पर गोल, सिक्के जैसे पत्ते उगते हैं। उत्तर भारत की
गर्मियों में दोपहर की सीधी धूप इस पौधे की पत्तियों को
जला सकती है। इसे ऐसी जगह रखें जहाँ छनकर आने वाला तेज
प्रकाश तो मिले पर सीधी धूप न मिले। इसे पूर्व की ओर वाली
खिड़की के पास रखना सबसे अच्छा है जहाँ सुबह की हल्की धूप
मिले।
पायलिया मार्था अठारह डिग्री सेल्सियस से सत्ताइस डिग्री
सेल्सियस के बीच सबसे अच्छा पनपता है। गर्मियों में मई-जून
की लू और भीषण गर्मी से बचाने के लिए इसे ठंडी और छायादार
जगह पर रखें। इसे कूलर या एअर कंडीशनर की सीधी हवा के
सामने न रखें। सर्दियों में जब तापमान दस डिग्री सेल्सियस
से नीचे जाने लगे, तो इसे बाहर न रखें। उत्तर भारत की
कड़ाके की ठंड और पाला इसे मार सकते हैं। सर्दियों में इसे
घर के अंदर किसी गर्म कोने में रखें।
इसे पानी
में लगाने के लिये लगभग दस इंच लंबे और पेंसिल जितने मोटे
एक तने को काट लें। इसके नीचे के पत्तों को हटा दें और ऊपर
के तीन-चार पत्ते बाहर रखते हुए डंडी को एक लगभग छह से आठ
इंच ऊँचे गिलास या जार में रखें। लगभग बीस दिनों में इसमें
जड़ें निकल आएँगी। जड़ें निकलने के बाद इन्हें लेका बाल्स
के साथ रखा जा सकता है।
|