पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार हिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP            पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org


''अच्छा तो फिर दो गजरे बना दो।'' साहब ने कुछ झेंपते हुए कहा।
''सौगंधी लाल ज़रा जल्दी करो, चार बजे तक जुलूस निकालना है।'' जॉन ने इधर-उधर देख कर पूछा, ''मगर तुम्हारी दुकान में तो इतने फूल नज़र नहीं आ रहे हैं कि चालीस अर्थियाँ सजाई जाएँ।''
''धीरज रखो नौजवान।'' सौगंधी लाल ने आराम से कहा। ''अभी पुजारी जी दो-चार टोकरे फूल हमें भेज देंगे।''
''पुजारी जी! क्या मंदिर के फूल बिकते हैं?'' जॉन ने आश्चर्य से पूछा।
''सुबह-सवेरे जो लोग पूजा के लिए फूल ले जाते हैं न, पुजारी जी शाम को फिर यहीं भेज देते हैं।''
''लाहौल।'' एक मौलवी साहब ने गुस्से से कहा। ''मंदिर के पूजा के फूल दुकान पर रखते हो?''
''अरे रखते कहाँ है मौलाना, आज बिरयानीशाह का उर्स था, सारे फूल वहीं ले गए लोग।''
''इस दुकान को बंद करवाना चाहिए नहीं तो हिंदू-मुस्लिम झगड़ा शुरू हो जाएगा।'' मौलाना दुकान पर खड़े होकर भीड़ की तरफ़ मुड़ गए।
''यह मौलवी साहब सठिया गए हैं। जब आते हैं अल्लाह और भगवान का झगड़ा ले बैठते हैं।'' सौगंधी लाल ने मुस्कुरा कर कहा।
''तुम बेईमान हो। लोगों का धर्म-ईमान ख़राब करते हो।'' मौलवी साहब चिल्लाने लगे।
''चीखो मत मौलवी साहब! इलैक्शन का जलसा नहीं हो रहा है यहाँ। हम चीज़ दे कर दाम लेते हैं। लोगों को आग का धुआँ और ख़ाक की पुड़िया दे कर उल्लू नहीं बनाते।'' सौगंधी लाल गुस्से में आ जाएँ तो फिर सुलगते ही जाते हैं।
''हटिए रास्ता छोड़िए मैडम जी के लिए।'' ''आइए, आइए मैड़म जी! आदाब अर्ज़, कहिए क्या हुक्म है?'' एक दुबली-पतली बेहद फुर्तीली-सी महिला एक छोटी-सी बच्ची का हाथ पकड़े आगे बढ़ी।

''एक बहुत अच्छा-सा बुके बना दीजिए मगर ज़रा जल्दी से दीजिए। चार बजे तक मुझे पहुँचना है।'' मैडम जी ने कलाई की घड़ी देखते हुए कहा।
''अभी लीजिए। राजू बेटा, मैडम जी का ऑर्डर बुक करो और झ़टपट इनका काम तमाम करो।''  ''क्या एयरपोर्ट जाना है मैडम जी? किसी मिनिस्टर का स्वागत करने जा रही हैं?'' सौगंधी लाल औरतों को बातों में यों उलझाए रखते जैसे कच्ची कलियों को धागे में लपेट देते हैं।
''नहीं सौगंधी लाल, मेरी लड़की स्कूल की दौड़ में हिस्सा लेने गई है, वह ज़रूरी फर्स्ट आएगी।''
''क्या ज़माना आ गया है।'' मौलवी साहब ने बड़े दुख के साथ कहा। ''लड़कियों को दौड़ना सीखा रहे हैं। आखिर इन्हें किसी मर्द के पीछे ही रहना है।''
''मौलवी साहब आपका काम तमाम हुआ, इसलिए आप तो पीछे हट जाइए।'' मौलवी साहब के जाते ही एक और मौलाना आ गए। ''सौगंधी लाल, हमें एक बहुत खूबसूरत शानदार सेहरा चाहिए, इतना लंबा हो कि दुल्हा उस में छुप जाए।''
''मगर दूल्हा को छुपाने के लिए तो बहुत बड़ा सेहरा बनाना होगा, हम तो बस इतना लंबा सेहरा बनाते हैं कि बाराती दूल्हा को न पहचानना लें।'' मैंने जल्दी से घबरा कर कहा।
''राजा बेटे, जो बात ग्राहक कहे मान लो।'' आप धीरज रखिए मौलाना जैसा आपने हुक्म दिया है वैसा ही सेहरा तैयार होगा। यह चौथा सेहरा है जो मैं आपके बेटे के लिए तैयार करूँगा, कभी कोई शिकायत हुई आप को? लाइए एक हज़ार रुपए एडवांस दीजिए सीधे हाथ से, शुभ काम है।'' सौगंधी लाल दोनों हाथ मौलाना के सामने फैला कर खड़े हो गए।
''एक बुके बनाने में कितनी देर लगाओगे लाला।'' बेबी की माँ बार-बार घड़ी देख रही थी।
''मैडम जी, मैं आपको बहुत ही बढ़िया बुके दूँगा दौड़ में फर्स्ट आने वाली बेबी के लिए। बस अभी चीफ़ मिनिस्टर के ऑफ़िस से बहुत से बुके आते होंगे वापस।''
''अच्छा तो तुम सारे लीडरों को पहनाए गए हार वापस मँगवा लेते हो लाला जी?''
''अरे नहीं मैडम जी, लीडरों के गले में पड़ने के बाद तो फूल सूख जाते हैं।''
''तो फिर वो फूल किसी हकीम को गुलकंद बनाने के लिए बेच देते हो?'' जॉन ने बड़े आश्चर्य से पूछा।
''नहीं बेटे।'' सौगंधी लाल ने सर झुका कर बड़े दुख के साथ कहा, ''हमारी दुकान के पीछे कब्रिस्तान है। मैं शाम को सारे फूल उठा कर वहाँ ले जाता हूँ।''
''सूखे फूल कब्रिस्तान में ले जाते हो?'' मैडम ने आश्चर्य से पूछा।
''हाँ मैडम जी, कभी-कभी मुझे ऐसा लगता है जैसे कुछ औरतों के ऊपर मिट्टी नहीं डाली गई है, वह खुली पड़ी हैं, मैं इन्हें सूखे फूलों से ढक देता हूँ।''

सब चुप हो गए जैसे सौगंधी लाल के साथ-साथ हम सब भी किसी खुली कब्र के आसपास खड़े हों।
''मौलवी साहब, एक बात पूछूँ आप से!'' सौगंधी लाल ने धीरे से कहा, ''सुना है क़यामत के दिन मुर्दे जी उठेंगे। मगर इन औरतों की गिनती तो वहाँ भी नहीं होगी।''
मौलवी साहब ने अपने बड़े बेटे का चौथा सेहरा बड़े चाव से सँभाला और कार की तरफ़ बढ़ गए।
फिर एक और चमचमाती कार आ कर रुकी। बहुत शानदार सूट पहने एक भारी-भरकम साहब सर उठाए कार से उतरे।
''आइए आइए प्रोफ़ेसर साहब! ज़रा रास्ता देना भाई।'' सौगंधी लाल घबरा कर खड़े हो गए, ''जी हुक्म दीजिए प्रोफ़ेसर साहब!''
''मुझे एक खूबसूरत-सा, बहुत अच्छा सफ़ेद गुलाब चाहिए, वह जो यहाँ कोट के कॉलर पर लगाते हैं ना।''
''जी, जी मैं समझ गया। राजा बिटवा! प्रोफ़ेसर साहब का ऑर्डर लो और इनका काम सबसे पहले तमाम कर देना बेटा।''
''तो क्या आज चंद्रमोहन साहब आ रहे हैं प्रोफ़ेसर साहब?''
''हाँ। आज सिर्फ़ कुछ घंटों के लिए आ रहे हैं। उन्हें अब अमरीका की एक साइंस कॉन्फ्रैंस में...''

प्रोफ़ेसर की बात सुने बिना ही सौगंधी लाल दुकान के ग्राहकों की तरफ़ देख कर बड़े गर्व से बोले, ''प्रोफ़ेसर साहब के सपूत बहुत बड़े साइंटिस्ट हैं। भारत के पोखरन धमाके में जिस टीम ने भाग लिया, उसमें चंद्रमोहन साहब भी शामिल थे।''
यह बात सुनते ही भीड़ ज़ोरदार तालियाँ बजाने लगी। लोग प्रोफ़ेसर साहब से हाथ मिलाने और मुबारकबाद देने के लिए आगे बढ़ने लगे।
''मम्मी, लोग तालियाँ क्यों बजा रहे हैं?'' मैडम की बेबी ने आश्चर्य से पूछा।
''बेबी आपने इतिहास की पुस्तक में पढ़ा है ना कि दूसरा महायुद्ध समाप्त करने के लिए हीरोशिमा पर एटमबम गिराया गया था...!'' जॉन ने बेबी के पास जाकर उसे समझाया।
''तब हीरोशिमा के सारे लोग मर गए थे एक साथ, अब वैसा ही बम प्रोफ़ेसर साहब के बेटे ने भारत में बना लिया है।''
बेबी डर गई, मुँह खोल कर इधर-उधर देखने लगी, ''तो क्या भारत में भी बहुत सारे लोग मर जाएँगे?''
''नहीं बेबी, ऐसा कुछ नहीं होगा।'' प्रोफ़ेसर साहब प्यार से बेबी की तरफ़ बढ़े तो वह शरमा कर माँ के आँचल में छुप कर बोली, ''मम्मी, फिर इतनी सारी अर्थियों को सजाने के लिए इतने फूल कहाँ से आएँगे?''
''उस वक्त तो सिर्फ़ एक ही फूल की ज़रूरत होगी।'' जॉन ने फिर बेबी को अपनी तरफ़ खींचा।
''एक ही फूल? वह किसलिए?''
''प्रोफ़ेसर साहब के सीने पर सजाने के लिए।''

पृष्ठ  . . .

११ फरवरी २००८

इस रचना पर अपनी प्रतिक्रिया लिखें - दूसरों की प्रतिक्रिया पढ़ें

Click here to send this site to a friend!

पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार हिंदी लिंक हमारे लेखक लेखकों से
SHUSHA HELP // UNICODE  HELP / पता- teamabhi@abhivyakti-hindi.org

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।