मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


इसी आनासागर झील के ऊपर निकेतन का लॉन है जहाँ अक्सर चहल पहल रहती थी। नीचे की तरफ़ घास का एक ढलान दूर तक चला गया है जिस पर थोड़ी-थोड़ी दूरी पर बैठने की बैंचें बनी हुई हैं। यहीं से एक पगडंडी सीधे झील की तरफ़ उतर गई है।

उनका बेटा और बेटी जब भी घर आते थे वे उनके साथ झील की बारहदरी तक टहलने जाती थीं। अब बारहदरी तक आने जाने में वे थकान महसूस करती हैं। वे पगडंडी की एक बेंच पर बैठ गईं और पुरानी यादों को बादलों को धीरे-धीरे उड़ते देर तक देखती रहीं।

कल की सी बात लगती है वे जीवन की आपाधापी में भागती दौड़ती रहती थीं। खुद कार चलातीं, पहले ऑफिस, फिर ऑफिस की निर्धारित समय सारणी से समय निकाल कर अमृतयान निकेतन की सभा में जातीं। घर आकर खाना बनातीं बच्चों के स्कूल की टीचर पैरेन्टस मिटिंग में अक्सर उनको ही उपस्थिति दर्ज करानी होती थी। अपनी ख़रीदारी पति के दौरों की तैयारी, घर को सुव्यवस्थित रखना हर चीज़ पर उनकी निगाह रहती।

धीरे-धीरे समय पंख लगा कर उड़ गया। अब तो बच्चे भी घरौंदा छोड़ कर अलग-अलग दिशाओं में उड़ गए हैं। बेटी बेला की शादी एक संपन्न परिवार में यथासमय हो गई है और बेटा पलाश अमेरिका में माइक्रोसोफ्ट में इंजिनियर है। बहू भी उसी के साथ काम करती है। एक प्यारा-सा पोता साहिल है और एक दोहिती जिया। खाली समय में कंप्यूटर पर पति या बच्चों में से कोई न कोई मिल ही जाता है और चैटिंग चलती रहती है इस कारण राधा देवी को कभी अकेलापन नहीं लगता है। पति का टिम्बर बिजनेस अच्छा चल रहा है। वे उसमें इतने व्यस्त रहते हैं कि घर पर खाली बैठने का उन्हें समय नहीं मिलता। अकसर शहर के बाहर आना जाना रहता है। इसलिए राधादेवी भी अपनी पसंद के अलग-अलग कामों में व्यस्त रही हैं। पगडंडी की बेंच पर सुस्ताते हुए राधा देवी अकसर अतीत के वे पुराने दृश्यों में खो जाती हैं।

अमृतयान निकेतन से उनका जुड़ाव नया नहीं है। इसकी स्थापन उनकी एक सहेली के पिता ने ही की थी। स्थापना के दिनों से ही वे इससे जुड़ी हैं और यहाँ आती-जाती रही हैं इसके कार्यक्रमों में हिस्सा भी लेती रही हैं। पर वह नियमित जुड़ाव नहीं था। पिछले दिनों सेवानिवृति के बाद से वे यहाँ स्थायी रूप से रहने लगी हैं। एक तो सेवा निवृत्ति के बाद का खालीपन फिर किसी काम में लगे रहने की इच्छा, इस पर सहेली का आग्रह देखकर उन्होंने अमृतायन निकेतन संस्था के प्रशासनिक कार्यों का उत्तरदायित्व सँभाल लिया है। शुरू में उनके पति इस काम के प्रति उनका लगाव देखकर आश्चर्य में पड़ गए थे, कुछ झिझके भी थे, पर उनकी रुचि को देखकर कुछ नहीं बोले। वे वैसे भी इस शहर में चार छह महीने ही रह पाते थे। पत्नी के मन को उनसे बेहतर कौन समझ सकता था सो उन्होंने उन्हें यहाँ रहने की अनुमति दे दी। वे घर आती जाती रहती हैं। पति बच्चे या रिश्तेदार आते है तो सब घर में एक साथ ही रहते हैं।

अमृतयान निकेतन में साठ साल से अधिक की उम्र के महिला व पुरुष अपना दिन व्यतीत करने आते हैं। बहुत से वरिष्ठ सदस्य यहाँ बने कॉटेजों में रहते भी है। जो लोग बाहर से आते हैं वे शाम को घर लौट जाते हैं। अस्पताल द्वारा यहाँ के इन वयोवृद्ध सदस्यों के लिए निशुल्क चिकित्सा व्यवस्था है। यहाँ आने से सदस्यों के दोनों काम हो जाते हैं। स्वास्थ्य की देखभाल भी और अपनों से मिलना जुलना भी।

पिछले कुछ दिनों से राधा देवी के पति भी उनके पास रहने लगे हैं। वे समझते हैं कि यह काम राधादेवी के लिए कितना महत्त्वपूर्ण है। इसलिए यदाकदा उनकी सहायता भी करते रहते हैं। खाली समय में राधा देवी के लिखने पढ़ने का शौक भी साथ-साथ चलता रहता है। कंप्यूटर जो साथ है। वे धीरे-धीरे ही सही पर ज़माने की बदलती चीज़ों को अपनाती रही हैं।

अमृतयान संस्था की निधार्रित समय सारणी काफी व्यस्तता से भरी हुई है। कभी चिकित्सा शिविर आयोजित करवाना कभी संस्था के लिए फाइनेंस जुटाने के लिए इधर उधर लोगों से मिलना। कभी सदस्यों के लिए कार्यक्रम आयोजित करवाना तो कभी किसी वृद्ध की अचानक तबीयत खराब हो जाने पर उसकी संपूर्ण व्यवस्था करना। यों तो काम करने वाले लोग हैं लेकिन ज़िम्मेदारी तो आखिर उन्हीं की है जिसे निभाती भी वे उसी कुशलता से हैं जिसकी अपेक्ष लोग रखते हैं।

संस्था में सुबह का नाश्ता और रात का खाना एक साथ मिलकर एक बड़े भोजन कक्ष में संपन्न होता है। बड़ा सौहार्दपूर्ण हँसी खुशी का माहौल रहता है। श्रीमती पुरी के चुटकले इस भोजन सभा का सबसे बड़ा आकषर्ण होते हैं। अभी कल ही उन्होनें सुनाया था कि आजकल हम जिस युग में जी रहे हैं वह बहुत प्रगतिशील हैं। सभी सदस्यों ने यह सुनकर कुछ उत्सुकता क़ुछ चिन्ता से उनकी ओर प्रश्नवाचक निगाहें डाल दीं। वे मुस्करानें लगीं और चुटकला आगे बढ़ा, ''एक बच्चे ने जन्म लिया। नर्स उसको नहला धुला कर माँ के पास ले जाने को तैयार हो रही थी तो बच्चा बोला नर्स जी 'आपके पास मोबाइल है?''
नर्स ने पूछा, ''हाँ क्यों?''
बच्चा बोला, “मोबाइल से बात करके ईश्वर को सन्देश दे दूँ कि मैं ठीक से पहुँच गया हूँ।“
सभा में एक ठहाका गूँजा और हॉल की खिड़की से निखर आई धूप, किरणों के साथ सबको तरोताजा कर गयी। श्रीमती पुरी के जवाब में हँसते हुए श्रीमती कुन्तल ने आगे जोड़ा, ''सही है मैडम आने वाले समय बच्चे पैदा होते ही बोलने लगेंगे।'' सभी सदस्य एक बार फिर हँसने लगे।

पृष्ठ : . . .

आगे-

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।