मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


प्रौद्योगिकी

विश्वजाल पर शब्दकोश

-रविशंकर श्रीवास्तव

पढ़ने लिखने के लिए कंप्यूटरों पर हमारी निर्भरता बढ़ती ही जा रही है। निकट भविष्य में अधिसंख्य जन, प्राय: अधिसंख्य कार्यों हेतु, अधिसंख्य समय कंप्यूटरों का ही उपयोग करने लगेंगे। अच्छे लेखन के लिए तथा लिखे हुए को अच्छे ढंग से समझने के लिए प्राय: शब्दकोशों की आवश्यकता होती है। अब चूँकि हम अपने कार्य कंप्यूटर पर ही करने लगे हैं, तो फिर मोटे-मोटे शब्दकोशों के पन्ने पलटने आवश्यकता कतई नहीं है। अब आपके कंप्यूटर पर ही ढेरों, विभिन्न भाषाओं के शब्दकोश और समांतर कोश उपलब्ध है। कंप्यूटर पर उपलब्ध संस्थापन योग्य तथा ऑनलाइन शब्दकोशों के द्वारा शब्दों को ढूँढ़ा जाना न सिर्फ़ आसान होता है, वरन कई प्रकार के सहायक अनुप्रयोगों यथा 'काट तथा चिपका' इत्यादि का उपयोग कर अपने कार्य को और भी आसान बनाया जा सकता है। हिंदी भाषा के लिए कुछ समय पूर्व तक जालघर में तथा कंप्यूटर पर संस्थापन योग्य अंग्रेज़ी-हिंदी-अंग्रेज़ी शब्दकोश इक्का-दुक्का ही उपलब्ध थे। परंतु अब स्थितियाँ तेज़ी से बदली हैं और आज हमारे पास बहुत से विकल्प उपलब्ध हैं, और प्राय: हर प्लेटफॉर्म चाहे विंड़ोज़ 98/विंड़ोज़-एक्सपी हो या लिनक्स, के लिए अंग्रेज़ी-हिंदी शब्दकोश उपलब्ध हैं। आइए कुछ ऐसे ही हिंदी के मुक्त शब्दकोश कंप्यूटर तथा ऑनलाइन औज़ारों के बारे में चर्चा करते हैं और देखते हैं कि अपने लिए क्या उपयुक्त है।
उपयोग के लिए अंग्रेज़ी हिंदी शब्दकोश निम्न रूपों में उपलब्ध है :

1 कंप्यूटर में संस्थापन योग्य प्रोग्राम :

जहाँ कुछ व्यावसायिक अंग्रेज़ी-हिंदी शब्दकोश प्रोग्राम विंड़ोज़ प्लेटफॉर्म में संस्थापन कर उपयोग में लिए जाने हेतु उपलब्ध है, वहीं कुछ ऐसे ही मुक्त प्रोग्राम भी उपलब्ध है। व्यवसायिक प्रोग्राम जहाँ अनेक गुणों से युक्त है तथा उच्चारण, व्याकरण, वाक्य विन्यास इत्यादि भी बताते हैं, मुक्त प्रोग्राम सीधे, सपाट होने के बावजूद अच्छे और उपयुक्त हैं। विंड़ोज़ प्लेटफॉर्म के लिए एक मुक्त प्रोग्राम फ्रीलेंग डिक्शनरी के नाम से उपलब्ध है तथा इसी प्रोग्राम का कुछ अतिरिक्त हिंदी-अंग्रेज़ी शब्दों का डाटाबेस भी मुक्त उपयोग हेतु उपलब्ध है। इस प्रोग्राम में हिंदी अर्थ रोमन लिपि में ही दिए गए हैं। इस प्रोग्राम में यह भी सुविधा है कि आप अपने शब्दकोश के डाटाबेस में सुविधानुसार परिवर्तन/परिवर्धन कर सकते हैं। आम उपयोग के प्राय: सभी शब्द तो इसमें मिल जाते हैं, परंतु फिर भी यह शब्दकोश अभी उतना उन्नत नहीं है।

2 डाउनलोड योग्य शब्दकोश फ़ाइलें :

जालघर में अंग्रेज़ी-हिंदी-अंग्रेज़ी तथा अन्य भाषाओं की शब्दकोश फ़ाइलें डाउनलोड़ कर मुक्त उपयोग में लेने हेतु भिन्न रूपों में उपलब्ध हैं। इन फ़ाइलों की ख़ासियत यह है कि आप इन्हें किसी भी प्लेटफॉर्म में उपयोग कर सकते हैं। उदाहरण के लिए एचटीएमएल, टेक्स्ट तथा पीडीएफ़ शब्दकोश फ़ाइलों को आप क्रमश: किसी भी ब्राउजर, पाठ संपादक या पीडीएफ़ फ़ाइल प्रदर्शक के द्वारा विंड़ोज़/लिनक्स के किसी भी संस्करण में उपयोग में ले सकते हैं। इन फ़ाइलों में शब्दकोश प्रोग्रामों की तरह शब्दों को ढूँढ़ने की ठीक-ठीक सुविधा तो नहीं मिल पाती है, परंतु फिर भी शब्द अकारादि क्रम में होने के कारण उन्हें ढूँढ़ने में ज़्यादा कठिनाई भी नहीं होती। हाँ इतना अवश्य होता है कि ये फ़ाइलें काफ़ी बड़ी होती हैं (300-400 पृष्ठों से अधिक) अत: इन्हें लोड़ होने में आरंभिक समय अधिक लग सकता है। कुछ अच्छे अंग्रेज़ी हिंदी शब्दकोश फ़ाइलों के विवरण निम्न हैं जिन्हें उनके साथ दिए लिंक को क्लिक कर डाउनलोड किया जा सकता है :

हिंदी-अंग्रेज़ी का एक सरल सा शब्दकोश पीडीएफ़-फ़ॉर्मेट में उपलब्ध है जिसे यहाँ से भी डाउनलोड़ किया जा सकता है। पीडीएफ़ फ़ॉर्मेट में आपको यह सुविधा मिलती है कि आपको हिंदी भाषा के फ़ॉन्ट इत्यादि की समस्याओं से जूझना नहीं पड़ता। यही शब्दकोश पोस्टस्क्रिप्ट फ़ॉर्मेट में तथा आईट्रान्स रूप में भी उपलब्ध है जिन्हें सुविधानुसार डाउनलोड कर उपयोग किया जा सकता है। अन्य कई फ़ाइल फ़ॉर्मेट में भी यही शब्दकोश आपकी सुविधा के लिए उपलब्ध किया गया है। यह एक उन्नत शब्दकोश है जो शब्दों से संपन्न है। एक अन्य हिंदी अंग्रेज़ी शब्दकोश शब्दांजलि के नाम से जारी किया गया है जिसमें भी शब्दों का अच्छा-ख़ासा संग्रह है। यह शब्दकोश ऑनलाइन उपयोग हेतु भी उपलब्ध है। परंतु इसे देखने या इसका उपयोग करने हेतु आपको अपने कंप्यूटर पर इसकी प्लगइन तथा आवश्यक फ़ॉन्ट संस्थापित करना होगा, जिनके लिंक शब्दांजलि के जालघर पर उपलब्ध है। बनस्थली के मूल अंग्रेज़ी हिंदी शब्दकोश का यूनिकोड़ हिंदी एचटीएमएल में परिवर्तित शब्दकोश इंडिकट्रांस के जालघर पर भी उपलब्ध है। अगर आप यूनिकोड हिंदी में कार्य करते हैं तो यह शब्दकोश आपके लिए ख़ासा सहायक होगा। यह शब्दकोश अंग्रेज़ी के सही उच्चारणों को भी बताता है। एक अन्य शब्दकोश अंग्रेज़ी-हिंदी-उर्दू शब्दसूची के नाम से उपलब्ध है जिसमें उर्दू शब्दों को भी समाहित किया गया है।

3 ऑनलाइन शब्दकोश :

कंप्यूटर में संस्थापन योग्य/फ़ाइल शब्दकोशों में यह सुविधा मिलती हैं कि इंटरनेट से कनेक्ट हुए बिना ही उनका उपयोग किया जा सकता है। परंतु अगर आपके पास इंटरनेट कनेक्टिविटी की अच्छी सुविधा है, तो ऑनलाइन शब्दकोशों का उपयोग अधिक उपयुक्त होगा। ऑनलाइन शब्दकोश नित्य नए-नए शब्दों का समावेश तो करते ही हैं, आपको नई सुविधाएँ, नए सरल तरीके भी प्रदान करते हैं। अंग्रेज़ी-हिंदी-अंग्रेज़ी के कई अच्छे ऑनलाइन शब्दकोश आपके उपयोग के लिए उपलब्ध हैं। जिसमें कुछ प्रमुख हैं वर्डएनीव्हेयर जहाँ आप एक साथ कई भाषाओं के शब्दकोशों का लाभ ले सकते हैं। इसका इंटरफेस आसान है। बस वांछित शब्द को इसके इनपुट बक्से में भरिए, भाषाएँ नियत करिए और 'गो' बटन पर क्लिक करिए। थोड़े से अंतराल में वांछित शब्द का अर्थ प्रकट हो जाएगा। अभी यह हिंदी को रोमन में प्रदर्शित करता है। संभवत: हिंदी के फ़ॉन्ट इत्यादि समस्या से बचने तथा प्लेटफ़ॉर्म उपयुक्तता के लिए एक अन्य ऑनलाइन शब्दकोश डिजिटल डिक्शनरीज़ ऑफ साउथ एशिया के नाम से हैं, जो आपको शब्दों को भिन्न प्रकार से ढूँढ़ने में भी सहायता प्रदान करता है। यहाँ आप शब्दों को उसके प्रारंभिक अंतिम या मिश्रित अक्षरों द्वारा ढूँढ़ सकते हैं। इस साइट पर यूनिकोड (तथा उसके बगैर भी) पर काम करने की सुविधा है। एक ऑनलाइन अंग्रेज़ी-हिंदी शब्दकोश यूनिवर्सल वर्ड हिंदी लेक्सिकन आईआईटी मुंबई के द्वारा उपलब्ध कराया गया है जिसे कि मूलत: मशीन आधारित हिंदी से अंग्रेज़ी में अनुवाद हेतु तैयार किया गया है। इसे हिंदी भाषा के विश्वकोष के रूप में हिंदी शब्दतंत्र के नाम से विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है। वर्तमान में इसके शब्दकोश में 91 हज़ार से भी ज़्यादा अंग्रेज़ी शब्दों के हिंदी में अर्थ दिए गए हैं। व्यवसायिक रूप में जारी अक्षरमाला अंग्रेज़ी-हिंदी शब्दकोश का मुक्त ऑनलाइन संस्करण भी उपलब्ध है। शब्दकोश डॉट कॉम के नाम से एक विशुद्ध अंग्रेज़ी-हिंदी ऑनलाइन शब्दकोश भी अपने सरल इंटरफेस सहित जालघर में आपके मुक्त उपयोग हेतु उपलब्ध है।

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।