आज सिरहानेउपन्यासउपहारकहानियाँकला दीर्घाकविताएँगौरवगाथापुराने अंक
नगरनामारचना प्रसंगघर–परिवारदो पलनाटकपरिक्रमा पर्वप्रकृतिपर्यटन
प्रेरक प्रसंगप्रौद्योगिकी फुलवारीरसोई लेखक विज्ञान वार्ता विशेषांकहिंदी लिंक
साहित्य संगमसंस्मरणसाहित्य समाचार साहित्यिक निबंधस्वास्थ्य
हास्य व्यंग्य

 

लघुकथाएँ

लघुकथाओं के क्रम में महानगर की कहानियों के अंतर्गत प्रस्तुत है
अर्बुदा ओहरी की लघुकथा बरसात

पूजा सोफ़े पर बैठी मुंबई की ऊंची ऊंची इमारतों को अपने पाँचवें माले से निहार रही थी। आसमान में घने काले मेघ घिर आए थे इतने कि घर के भीतर भी ठंडक का अहसास बुदबुदाने लगा था।

पांच मिनट बीतते न बीतते झमाझम बरसात शुरू हो गई। पूजा सोचने लगी बच्चे आते ही होंगे आज पकौड़ों का मज़ा लिया जाए, इस बारिश में स्वाद ही अलग होता है। इंतज़ार में नीचे झाँका तो सड़क पर बहता पानी देख पूजा को घबराहट शुरु होने लगी। बारिश इतनी तेज़ थी कि सामने वाली बिल्डिंग भी नज़र नहीं आ रही थी। ऐसे में ड्राइवर बस कैसे चला रहा होगा? नीचे सड़क अब तक सूनी हो चुकी थी। आधे घंटे में ही बारिश अपने पूरे ज़ोर पर थी। उसकी चिंता बढ़ने लगी।

पूजा अपना मोबाइल हाथ में ले लिफ़्ट से नीचे उतरी, नीचे कोई ऑटो नहीं था पैदल बसस्टॉप की ओर बढ़ने समय तेज़ हवाएँ चलना मुश्किल कर रहीं थीं। बादल टूट के बरस रहे थे। एक घंटे से ऊपर हो चुका था और मंजिल अभी भी दूर ही थी। पानी सड़क ऊपर चढ़ने लगा था, ठंडी हवा शरीर में कंपन पैदा कर रही थी, पानी के तेज़ बहाव के साथ चलते-चलते पैरों से अचानक चप्पल भी निकल गई, मोबाइल का सिग्नल जवाब दे चुका था और बस का कहीं पता न था।

ठाकुर विलेज से वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे तक आने में ज्यादा समय नहीं लगता पर आज पूरे दो घंटे लग गए। ढाई घंटे की बरिश ने सब अस्त व्यस्त कर दिया था। हाईवे पर पहुँच कर पूजा बस ढूंढने लगी। तेज़ बारिश में ऊपर मुँह कर आँखें खोलना भी सम्भव नहीं लग रहा था। घबराहट ने पूजा के दिमाग़ को सुन्न कर दिया था।

अचानक उसने देखा सामने की ओर से एक आदमी हाथ के इशारे से उसे बुला रहा है लगा। खाली सड़क पर घुटनों से उपर तक पानी था। वह भी पूरी तरह से पानी में भीगी हुई थी। सुनसान सड़क, तेज़ बारिश और अंजान व्यक्ति की ऐसी हरकत देख पूजा ने मुंह फेर लिया। इतने में ही वह आदमी करीब आ गया, पूजा कुछ सोच पाती कि वह बोल पड़ा "बहन जी, आप स्कूल बस देख रही हैं? एक स्कूल की बस हमारे टॉवर के नीचे खड़ी है। आकर देख लीजिये कहीं उसमें आपके बच्चे भी न हों।

पूजा की जान में जान आई वह उत्साहित सी अपने आपको बहाव में सम्हालती हुई चल पड़ी। टॉवर के नीचे बच्चों की बस देख उसकी आंखों से आँसू निकल पड़े। बच्चे बिल्कुल सुरक्षित थे। टॉवर में रहने वाले लोगों ने स्कूल की तीन बसों में बिस्कुट और चिप्स वितरित किये थे। उसके लिए भी चाय आई और टॉवर के लोग ऐसे मिले जैसे बरसों के परिचित। फिर वह व्यक्ति कंधे पर बच्चों को बैठा कर घर तक छोड़ भी गया।

पूजा सोचने लगी जहाँ बगल में रहने वाले भी रोज़ दुआ सलाम नहीं करते उस मुंबई नगरी में इतना अपनापन अचानक कहाँ से आ जाता है, शायद यही इस शहर का असली चेहरा है जो बिना ज़रूरत सामने नहीं आता।
 

1 अगस्त 2007

 

इस रचना पर अपनी प्रतिक्रिया लिखें - दूसरों की प्रतिक्रिया पढ़ें

Click here to send this site to a friend!

आज सिरहानेउपन्यासउपहारकहानियाँकला दीर्घाकविताएँगौरवगाथापुराने अंकनगरनामारचना प्रसंग
घर–परिवार दो पलनाटक परिक्रमापर्व–परिचय प्रकृतिपर्यटन प्रेरक प्रसंगप्रौद्योगिकी फुलवारीरसोई लेखक
विज्ञान वार्ताविशेषांकहिंदी लिंकसाहित्य संगमसंस्मरणसाहित्य समाचारसाहित्यिक निबंधस्वास्थ्यहास्य व्यंग्य

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक माह की 1–9–16 तथा 24 तारीख को परिवर्धित होती है।