मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


कलम गही नहिं हाथ

 

     तारों को देखते रहें

तारों को देखते रहें छत पर पड़े हुए... पुराने गीतों वाली सुहानी रातें अब नहीं मिला करतीं। देश छूटता है तो परिवेश भी बदल जाता है। बहुमंजिली इमारतों में रहने वालों के पास न तो छत होती है न तारों को देखने की फुरसत। जिन लोगों के पास छत और तारे देखने का समय है वे भी शहर में रहते हुए तारे नहीं देख सकते। इसका कारण यह है कि इमारात की बस्तियों में रात को आकाश इतनी अधिक रोशनी से भरा होता है कि तारे दिखाई नहीं देते। आसमान भी काले की बजाय गहरा नीला दिखाई देता है। तो फिर तारों की दुनिया में जाने के लिये लोग या तो वेधशाला का सहारा लेते हैं या फिर बस्तियों से दूर रेगिस्तान के टीलों के बीच विशेष रूप से बनाए गए स्टार गेजिंग स्थलों का। जो लोग सितारों, ग्रहों, आकाशगंगाओं से प्यार करते हैं और खगोल विज्ञान के दीवाने हैं, उनके लिये संयुक्त अरब इमारात में पाँच आदर्श स्थान हैं जो सर्वश्रेष्ठ स्टारगेजिंग अनुभव प्रदान करते हैं।

१. अल थुराया खगोल विज्ञान केंद्र
अल थुराया खगोल विज्ञान केंद्र दुबई के बाहरी इलाके में, मुश्रीफ पार्क के बीच स्थित है। यहाँ इस क्षेत्र की सबसे बड़ी दूरबीनों में से एक स्थित है जिससे खगोलीय घटनाओं को देखने का रोमांचक अनुभव लिया जा सकता है। इसकी बुकिंग ऑनलाइन होती है। एक सत्र की बुकिंग के बाद रात के आकाश को देखने के लिए दूरबीन का उपयोग सीखना पड़ता हैं। इसके अलावा, यह उन लोगों के लिए भी सौर अवलोकन का अद्भुत अनुभव प्रदान करता है जो सनस्पॉट और सोलर फ्लेयर्स देखना चाहते हैं। इस केंद्र का अपना ताराघर है जहाँ सारे दिन शो चलते हैं। यहाँ दूरबीन तथा अंतरिक्ष विज्ञान से सम्बंधित बहुत सी कक्षाएँ भी चलती रहती हैं। इसे २०१८ में दुबई के शासक और संयुक्त अरब इमारात के प्रधानमंत्री शेख मुहम्मद बिन राशिद अल मख्तूम ने बनवाया था।

२. शारजाह खगोल विज्ञान और अंतरिक्ष विज्ञान केंद्र
शारजाह में स्थित, यह केंद्र २०१५ में एक छोटी-सी वेधशाला के रूप में एक दूरबीन के साथ खोला गया था। कुछ समय बाद इसमें दो और दूरबीनें शामिल की गयीं। अब इस केंद्र में आकाशगंगाओं, सितारों, ग्रहों, सूर्य और चंद्रमा की खगोलीय गतिविधियाँ देखी जा सकती हैं। इनका अपना ताराघर है, नियमित शो चलते हैं, और अपने पसंद के शो की बुकिंग आनलाइन की जा सकती है। स्कूल के विद्यार्थियों का यह प्रिय स्थल है जहाँ वे ज्ञान, विस्मय और मनोरंजन एक साथ प्राप्त करते हैं। यह संस्थान एक विश्ववद्यालय जैसा है जहाँ सात प्रयोगशालाएँ हैं जिनमें बहुत ही सक्रिय रूप से अंतरिक्ष अनुसंधान कार्य किये जाते है। इसके अतिरिक्त यहाँ वेधशाला और उल्का संग्रहालय भी है। यहाँ विश्व का सबसे बड़ा सोलर सिस्टम स्केल देखा जा सकता है।

३. रब अल खली मरुस्थल
संयुक्त अरब अमीरात के बीच स्थित और सऊदी अरब, ओमान और यमन में फैला, रब अल खली दुनिया का सबसे बड़ा रेत का समुद्र है। एम्पटी क्वार्टर के रूप मसे प्रसिद्ध, इस मरुस्थल में कई स्टारगेजिंग स्पॉट हैं। ऐसा माना जाता है कि रब अल खली में नंगी आँखों से ५००० सितारों को देखा जा सकता है। इसके लिये नाइट विजन गॉगल्स या अपने पसंद और जरूरत की कोई दूरबीन साथ ले जाना रोमांचक हो सकता है। उलका वर्षा देखने वालों के लिये यह एक अद्भुत स्थल है। कहा जाता है कि सामान्य रूप से नवंबर से फरवरी तक यहाँ एक घंटे में लगभग १५ टूटते हुए सितारे देखे जा सकते हैं। यहाँ जाने के लिये टूरिस्ट एजेन्सियों की ओर से बुकिंग की जाती है। जो सैलानियों के लिये सैंड बैशिंग, भोजन और विश्राम जैसी सुविधाओं का प्रबंध करते हैं।

४. हट्टा हजर पहाड़
दुबई के बाहरी इलाके में स्थित- हट्टा में हजर पहाड़, स्टार गेजिंग के लिए एक बेहतरीन जगह है। यह क्षेत्र एक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित हो चुका है इसलिये इस यहाँ रौशनी बहुत अधिक है, लेकिन यह सारी रौशनी उत्तर, पश्चिम और पूर्व से आती है। यदि आप पहाड़ों में दक्षिण की ओर गहराई तक जाते हैं, तो आपको अच्छे सितारे देखने को मिल सकते हैं। हट्टा के बारे में सबसे अच्छी बात यह है कि यहाँ कुछ ऐसे शानदार होटल और रिजौर्ट हैं जहाँ स्टार गेजिंग और धूप सेंकने के लिये व्यक्तिगत अपार्टमेंट उपलब्ध है। करने के लिये भी बहुत सारी गतिविधियाँ हैं। यहाँ दिन में पारंपरिक अरबी गाँव की सैर, ट्रैकिंग, माउंटेन बाइकिंग, जिम, तैराकी और कयाकिंग जैसे बहुत से खेलों का आनंद लिया जा सकता है।

५. अल क्वा मिल्की वे स्पॉट
यदि आप शहर की भागदौड़ से दूर प्राकृतिक रूप से सितारों को देखना चाहते हैं, तो अल क्वा मिल्की वे स्पॉट आपके लिए सही जगह है। 'अल क्वा मिल्की वे स्पॉट' इतना प्रसिद्ध है कि इसका स्थान टैग, गूगल मैप्स में स्टारगेज़र द्वारा ली गई तस्वीरों में देखा जा सकता है। अबू धाबी से लगभग दो घंटे की दूरी पर स्थित यह इमारात की सबसे अँधेरी रातों वाला ऐसा स्थान है, जहाँ शहर का कोई भी प्रकाश नहीं पहुँचता। यहाँ स्टार गेजिंग के लिये सूर्यास्त के पहले पहुँचकर मुख्यमार्ग से दूर एक जगह खोजनी चाहिये ताकि यातायात का शोर और प्रकाश बाधा न बने। यहाँ रात गुजारने के लिये गर्म कपड़े, भोजन, पीने का पानी, टार्च, कचरा समेटने के लिये ट्रैश बैग आदि साथ रखने चाहिये।

पूर्णिमा वर्मन
१ जून २०२२


bullet

  अन्य पुराने आलेखों के लिये यहाँ क्लिक करें

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।