|

दशहरे में गाँव
डॉ पवन विजय
त्योहारों के आने के साथ मेरे मन की व्याकुलता बढ़
जाती है और मैं अपनी गुलामी को करीब से महसूस करने
लगता हूँ। आज से कोई बीस-पच्चीस साल पहले ज़िंदगी में
इतनी गुलामी न थी... लोग मस्ती में दो रोटी खाकर
गाते-नाचते ज़िंदगी का लुत्फ़ उठाते थे, पर आज दो के
चार करने के चक्कर में एक रोटी के वास्तविक आनंद से
महरूम होना पड़ रहा है।
मुझे याद है दशहरे के करीब आते ही बाबूजी हम भाइयों के
लिए बाँस की कैनियों से धनुष बनाया करते और सरकंडे के
बाण। उन बाणों में हम बेर के काँटे भी लगा लेते थे या
कभी-कभी सड़क से डामर निकालकर और कुछ कपड़ा लपेटकर
उसको अग्निबाण में परिवर्तित कर देते थे। एक बार मैंने
जोश में आकर अग्निबाण का संधान अपने पड़ोसी की ओर कर
दिया था। गनीमत थी कि हमारे बड़े भाईसाहब ने यह देख
लिया था और तुरंत पानी डालकर उनकी मड़ैया बचाई, नहीं
तो लंका में आग एक बार फिर लग जाती।
मुझे बचपन में हनुमान जी बनने की बड़ी इच्छा रहती थी।
हमारे परंपरागत राजमिस्त्री बग्गड़ ने मुझे एक गदा
उपहारस्वरूप दी थी, जो शायद आज भी गाँव में रखी है।
उसे लेकर मैं अपना मुँह फुलाकर खूब धमाचौकड़ी मचाता।
दशहरे वाले दिन अम्मा ने लौकी की बर्फी और पकवान बनाए
थे। मेरे ताऊ जी भी बहुत अच्छे पकवान बनाते थे। उस दिन
गरम-गरम पूड़ियाँ सींकों में खोंसकर हम सभी भाई-बहन
दौड़-दौड़कर खाते।
एक बार मेरे कमलेश भैया की पूड़ी कौआ लेकर भाग गया और
साथ में उनकी उँगली भी काट गया। वे रोने लगे तो मैंने
भी अनायास ही उनके सुर में सुर मिला दिया और हम भाइयों
का भोंपू ज़ोर से बजता देखकर बाबूजी ने अपना परंपरागत
उपचार डीज़ल लगाकर किया। उन दिनों जलने-कटने पर डीज़ल
लगा दिया जाता था। दोपहर में पड़ोस से धनुष-बाण से
सुसज्जित बच्चों की टोली आ धमकी। हम भी कहाँ पीछे रहने
वाले थे! हम और भैया कमलेश अपने-अपने धनुष-बाण सहित
विरोधी दल पर टूट पड़े—
"इत रावन उत राम दोहाई।
जयति-जयति जय परी लड़ाई॥"
उस तरफ़ की सेना का नेतृत्व हमारे पटीदार वकील साहब
(जो हमारे बाबूजी के चचेरे भाई लगते थे) के लड़के
रबेंदर उर्फ़ खलीफ़ा कर रहे थे। अचानक वह दौड़ता हुआ
आया और मेरे धनुष को तोड़ दिया। फिर मैंने अपना गदा
उठाया और रावण पार्टी पर टूट पड़ा। भैया भी बाण छोड़कर
मल्लयुद्ध पर आ गए। थोड़ी देर में मैदान साफ़ हो गया—
"कछु मारेसि कछु मर्देसि कछु मिलयेसि धरी धूरी।"
रबेंदर एंड पार्टी सिर पर पाँव रखकर वापस भागी।
नहाने-खाने के बाद बुआ के बेटे नग्गू भैया और बबई भैया
आ गए। वे हर साल यहीं आकर दशहरा मनाते थे। बड़े भैया
से उन लोगों की खूब पटती थी। हम बच्चा पार्टी से बड़े
भैया का ज़्यादा मतलब नहीं था। हमारे गाँव में जो
निचले तबके के लोग थे, उनको विजयादशमी के दिन उत्सव
मनाने के लिए पैसे के रूप में 'दश्मियाना' दिया जाता
था। मैंने सहकारिता का पहला सबक इसी दश्मियाने से
सीखा। हम शाम को अच्छे कपड़े पहनकर दशमी देखने
सुजानगंज को चले। बाबूजी की साइकिल पर आगे मैं बैठा और
पीछे कमलेश भैया। बाबूजी से राम जी की बातें सुनते हुए
हम मेला स्थल पर पहुँचे। उन्होंने साइकिल मौरिया पान
वाले के यहाँ खड़ी कर दी और मेला दिखाने ले गए।
मेले में सबसे पहली मुलाकात माली से हुई, जो कान में
रुई खोंसे सबको इत्र लगा रहा था। उसने हमको भी इत्र
लगाया और बाबूजी ने उसको कुछ पैसे दिए। आगे कडेदीन की
जलेबी की दुकान लगी थी। बाबूजी हम सबको राम-जानकी
मंदिर ले गए और वहीं रुकने को कहा। फिर वे अपनी मंडली
से मिलने चले गए।
हमने मौका ताड़ा और निकल पड़े मेले में। दया की फोटू
की दुकान से फोटू खरीदी गई, घोड़े वाले झूले पर झूला
गया, बहन के लिए खिलौना (जतोला) लिया गया, गुड़ वाली
जलेबियाँ उड़ाई गईं और कुछ पटाखे लिए गए। फिर पीछे से
शोरगुल हुआ तो हम भागकर मंदिर में आ गए। राम जी रावण
का वध करने जा रहे थे। लोग नाचने-गाने और जय-जयकार कर
रहे थे। मैं राम बने लड़के को देख रहा था। फिर बाबूजी
आ गए। मैंने बाबूजी से राम बनने की ज़िद की। उन्होंने
कहा, "कोई कपड़े पहनकर या रंग-रोगन से राम नहीं बन
जाता। राम बनना है तो सद्गुण अपनाओ जो राम में थे, फिर
तुम राम जैसे अपने आप बन जाओगे।"
यह मेरा दूसरा सबक था। हम लोग राम की जय बोलते हुए
रावण के पुतले के पास पहुँचे और थोड़ी देर में पुतला
दहन होने लगा। लगभग नौ बजने को थे, उल्लासित भीड़ वापस
घर को चल पड़ी। हम लोग बाबूजी के साथ मगन भाव से वापस
आए। बड़े भैया, नग्गू भैया और बबई भैया पहले ही आ चुके
थे। बाबूजी गट्टे ले आए थे, जो दशहरे की परंपरागत
मिठाई होती है। जब गट्टे का बँटवारा हुआ तो उसमें
तीन-चार गट्टे कम निकले।
वे दुकान वाले को कोसने लगे कि उसने ठग लिया। हम जल्दी
भागकर पटाखे छुड़ाने चल दिए। पटाखे छुड़ाते समय भैया
बोले, "निकाल गट्टे!" हम लोग खूब हँसे और चुराए हुए
गट्टे खाने के साथ खूब फुलझड़ियाँ छूटीं।
"आज गाँव से सैकड़ों मील दूर बैठा हूँ और याद करता
हूँ... मेरे साथ न तो लौकी की मिठाई है, न ही कोई भाई
है। इत्र लगाने वाला माली हँसता हुआ आता है और गायब हो
जाता है। सामने काजू की बर्फी का डिब्बा है उपहार में,
पर गट्टे वाला स्वाद नहीं है— ख़ासतौर से चोरी के
गट्टों का।
आज गाँव से सैकड़ों मील दूर बैठा हूँ और याद करता
हूँ... आज कोई उँगली नहीं मेरे पास जिसे पकड़कर मैं
मेला देखने जाऊँ, जो मुझे जवाब दे मेरे दुनिया भर के
सवालों का, मुझे दिला सके बाज़ार के सारे खिलौने। आज
गाँव से सैकड़ों मील दूर बैठा हूँ और याद करता हूँ..."
१ अक्तूबर २०२६ |