|
लाउडस्पीकर
पर ऐलान हो रहा था—"देश-दुनिया के कोने-कोने में कामयाबी का
परचम लहराता अब आपके शहर आ गया... आ गया... सर्कस का शहंशाह!
हाँ, तो बहादुर बाजीगरों के कारनामे देखना न भूलें। जरूर
आएँ—सिटी चौक मैदान में, रोजाना तीन शो। ऐसा सर्कस जहाँ हाथी
हिसाब बनाता है। जहाँ छोटी बंदरिया जंगल के राजा शेर से ठुमके
लगवाती है। जहाँ नन्हा तोता दिवाली के पटाखे फोड़ता है और डेढ़
फुटिया जोकर खूब हँसाता है। झूले पर चार कलाकार जब साथ
कलाबाजियाँ करते हैं तो देखकर कलेजा मुँह को आ जाता है। तो आना
न भूलें। कल से खेल शुरू हो रहा है। एडवांस बुकिंग शुरू हो
चुकी है! याद रखें, सर्कस का शहंशाह—रोजाना तीन शो।"
गाड़ी बढ़ती जा रही थी और परचे फेंके जा रहे थे। लड़कों का
झुंड दौड़-दौड़कर उठा रहा था। सब बाबू-मइया को पटाने की फिक्र
में थे कि कैसे सर्कस देखने का जुगाड़ लगे! शहर के चौक-चौराहे
चर्चा की जगह बन गए। गाँव-देहात के लिए बड़ी बात थी। रात में
सर्कस की फ्लैशलाइट जब चक्कर लगाती, तो सैकड़ों सतरंगी सपने
साथ आसमान में तैरने लगते। लोग निहारते और निहाल हो जाते।
उत्सवी माहौल हो गया था। जहाँ सर्कस की खबर सुन सारा गाँव खुश
था, वहीं एक शख्स ऐसा भी था, जिसके घर मातम पसरा था। यह
था—बाबूराम बाइसकोपवाला। बात भी जायज थी। आज महीने भर के
मियादी बुखार से कुछ आफियत मिली तो सोचा, कल बाइसकोप लेकर धंधे
पर निकल जाएगा। कर्ज चढ़ गया था। बड़ी मुश्किल से सँवरी
पाई-पाई जोड़कर घर चला रही थी। वह तो शुक्रिया शहर के उस सेठ
का, जिसने बेटे को अपने घर रख लिया था और दो सूखी रोटी दे देता
था। बदले में भोलू घर का छोटा-मोटा काम निभा देता था। गुरबत
गरीब का गिरबाँ जब पकड़ लेती है तो जल्दी से छोड़ती भी नहीं
है। खेतों में कोई काम नहीं रह गया था, सो कोई मजदूरी पर रखता
भी नहीं था। जीना मुहाल हो रहा था। अब यही बाइसकोप सहारा था।
बाबूराम बीवी से बोला, "लगता है, यह सर्कस जीने नहीं देगा।"
सँवरी ने शंका जाहिर की और पूछा, "क्यों?"
"क्योंकि सब सर्कस की तरफ भागेंगे। कौन हमारा बाइसकोप देखेगा?
महंगाई की मार से घर-गृहस्थी तो चरमरा ही गई थी। दो माह पहले
जब फसलें उतरीं तो उम्मीद थी कि अच्छी कमाई हो जाएगी, लेकिन ऐन
मौके पर शहर में ऐसा सिनेमा लगा कि सारा धंधा ही चौपट हो गया।
गाँव-के-गाँव उमड़ पड़े। अब भला सितारों की चकाचौंध के सामने
लखनऊ की भूलभुलैया और दिल्ली का कुतुबमीनार कौन देखता है!
बाइसकोप की दहीवाली गुजरिया राह ताकती रह गई और लोग सिनेमा पर
टूट पड़े। महीने भर कुछ भी तो कमाई नहीं हुई थी। फिर जर-बुखार
ने देह तोड़ दी। अब, जबकि कुछ उम्मीद बनी तो मुआ यह सरकस आ
धमका।" बाबूराम बुझे स्वर में बोला।
बाबूराम को गुजरे दिन याद आए। ओह! वो भी क्या दिन थे।
सुबह-सवेरे बाइसकोप लिए निकल जाता। डुगडुगी बजी नहीं कि भीड़
जुटनी शुरू हो जाती। झुंड के झुंड बच्चे जमा हो जाते, फिर शुरू
होता—"देखो-देखो, बाइसकोप देखो!" गजब का स्वर था। आलाप सुनता
तो सिहरन-सी हो जाती। बच्चों की बारी खत्म होते ही घर की
कन्या-पुतरिया देखने बैठ जातीं। कभी सोरठी-बरिजाभार तो कभी
गोपीचंद की कहानी खूब जमती। सती अनुसूया और बिहला बखान तो रुला
ही देते। याद है, श्रवण कुमार और सत्यवादी राजा हरिश्चंद्र के
खेल से इतनी कमाई हुई कि सँवरी के लिए साड़ी और अपने लिए
धोती-कुर्ता खरीद लिया था। तमाशा दिनभर चलता। जब लौटता तो झोली
में कुछ नगद और ढेर सारे अनाज होते। दिन मजे से गुजर रहे थे।
बेटी सयानी हुई तो खाते-पीते घर में ब्याह भी हो गया। लेकिन
ढलती उम्र के साथ धंधा भी ढलता चला गया। अतीत याद कर बाबूराम
की आँखें भर आईं। सोचा, चाहे जो हो, कल वह धंधे पर जरूर जाएगा।
आखिर दूसरा रास्ता भी तो नहीं था।
सुबह होते ही बाबूराम ने स्नान-ध्यान किया, बाइसकोप पर
अगरबत्ती दिखाई, सँवरी से थोड़ा चबेना लिया और बजरंगबली का
सुमिरन कर धंधे पर निकल गया। परानपुर पार करते-करते सूरज
महाराज सिर पर आ गए। बंदा चलता रहा। तीन कोस बाद माधोपुर की
महतो टोली मिलती थी। यहाँ कई बार खेल दिखा चुका था। लोग उसे
नाम से जानते थे। गाँव में अच्छे काश्तकार थे, खूब अनाज देते।
महतो टोली के बीचोंबीच बम बाबू की बैठक थी, बगल में सुंदर
बगीचा। सारे खेल-तमाशे यहीं होते थे। अपनी पुरानी जगह पहुँचकर
इत्मीनान की साँस ली। तनिक सुस्ताया, फिर डुगडुगी बजानी शुरू
कर दी। कोई आधे घंटे बजाता रहा, लेकिन कोई नजर न आया। तभी बम
बाबू की बूढ़ी माँ बाहर आईं और बोलीं, "अरे बाबूराम, नाहक
क्यों बजाए जा रहे हो? कोई हो, तब तो तुम्हारा खेल देखे! सभी
सर्कस देखने शहर गए हैं।"
शंका सही साबित हुई। पूरा गाँव घूम लिया, लेकिन देखने वाले न
मिले। महतो टोली ने बहुत निराश किया। आगे बबुआन का गाँव था,
वहाँ भी गया लेकिन कहीं कोई मिला! थक-हारकर नेमी टोले की राह
पकड़ी। यहाँ बड़े असामी हुआ करते थे। अफसोस, नेमी टोले ने भी
निराश ही किया। दोपहर हो गई थी। रास्ते में सड़क किनारे कुएँ
पर चबेना खाया, ठंडा पानी पिया और तनिक आराम कर आगे बढ़ा।
लेकिन कई गाँवों के चक्कर लगाने के बावजूद चार पैसे और मुट्ठी
भर अनाज नसीब न हुआ। पाँच कोस का फेरा लग गया। तिजहरिया ढल रही
थी। बीमारी से बावला बदन जवाब देने लगा। मजबूर बाबूराम को खाली
हाथ लौटना पड़ा। पहर भर रात गए घर पहुँचा। सँवरी राह ताक रही
थी। कहते हैं, ऊपरवाला इंसान को भूखा उठाता जरूर है, लेकिन
भूखा सुलाता नहीं। बाबूराम को भी भूखा सोना नहीं पड़ा। सँवरी
ने कहीं से इंतजाम करके चार रोटियाँ बना ली थीं।
दूसरे-तीसरे दिन भी यही हुआ। जब चौथे दिन भी कुछ न मिला तो
हिम्मत जवाब देने लगी। बड़े-बुजुर्ग कह गए हैं, ‘रोजी-रोज का
भला।’ सो बाबूराम ने हिम्मत न छोड़ी। चलता रहा, फेरा लगाता
रहा। लेकिन अफसोस, सर्कस-सिनेमा से अघाए लोग बाइसकोप की तरफ
मुँह फेरकर भी न ताके। दसवें दिन जब लौटा तो सिर भारी था।
रह-रहकर खाँसी आती थी। सँवरी ने देह छुई तो सन्न रह गई।
बाबूराम को फिर बुखार आ गया था। ठंडे पानी में कपड़ा भिगोकर
बुखार उतारने लगी, लेकिन कोई फायदा नहीं। फिर भागकर वैद्य जी
के पास गई। सब कुछ सुन वैद्य जी ने बहुत डाँटा। बोले, "रे
बुड़बक! मैंने पहले ही कहा था, बाबूराम को कुछ दिन आराम की
सख्त जरूरत है, लेकिन तुम लोग न माने। अब भुगतो।"
सँवरी आँख में आँसू लिए बोली, "का करैं, मन तो नहीं करता था,
लेकिन घर में मुट्ठी भर मटर का दाना भी तो नहीं था। सो मजबूरन
जाना पड़ा। आखिर कोई फायदा भी न हुआ। चार पैसे तो न मिले, उलटे
यह बुखार उठा लाए। अब आप ही माई-बाप हैं।"
फिर दवा देते हुए वैद्य जी बोले, "कह दो बाबूराम बुड़बक से कि
यह धंधा छोड़ कुछ और करे। चाहे तो आसाम-बंगाल ही चला जाए। अपने
पट्टीदार परदेसिया को ही देख लो, कलकत्ता की कमाई से खरैल घर
बना लिया। कि नहीं, बेटे बरतुहार आते हैं तो दहेज में साइकिल
माँगते हैं। अब भला सर्कस-सिनेमा के आगे बाइसकोप का क्या मोल!
युग बदल रहा है। समय के साथ अगर धंधा न बदले तो गृहस्थी भी
धम्म से गिर जाती है।"
सँवरी दवा ले भागती आई और पति को खिलाई। थोड़ी देर में बुखार
उतर गया तो जान-में-जान आई। दूसरे दिन पति को काम पर न जाने
दिया। लेकिन हाय रे नसीबा! शाम को फिर बुखार आ गया। इस बार
वैद्य जी को आना पड़ा। नाड़ी देखी, आँखों का रंग देखा और बता
दिया कि मियादी बुखार ने दोबारा जकड़ लिया है। सँवरी के पाँव
तले जमीन खिसक गई। खैर, वैद्य जी दवा देकर चले गए। जाते-जाते
चेता गए कि अगर अब बीमारी से बदमाशी हुई तो बाबूराम उठ न
पाएगा।
खेतों में धान की फसलें तैयार थीं। आजकल में कटनी लगने वाली
थी। अब काम मिलने की पूरी उम्मीद थी। इसी आस-उम्मीद से सँवरी
उधार-पैचा लिए जा रही थी। उधर बाबूराम की तबीयत में कुछ सुधार
न था। आगे-पीछे भी कोई न था। मजबूरन बेटी को बुलाना पड़ा।
बाबूराम बार-बार बेटे को याद कर रहा था, सो सँवरी शहर गई और
बेटे को बुला लाई। भले सेठ ने चलते समय भोलू के हाथ में कुछ
पैसे रख दिए थे। इससे बड़ा काम यह हुआ कि वैद्य जी की उधारी
चुका दी गई और बाबूराम के लिए पाव भर दूध आने लगा। अब भाई-बहन
घर रहते और मइया काम पर निकल जाती। दिन बदले तो दस दिन में
महीने भर खाने का अनाज आ गया। बाबूराम की तबीयत भी सुधरने लगी।
बेटा बाबूजी के पैर दबाता और शहर के किस्से सुनाता। बाबूराम का
वश चलता तो बेटे को शहर न भेजता, लेकिन उसे इस बात का संतोष था
कि बेटा अच्छे घर में था।
सेठ के बच्चों को पढ़ाने वाले मास्टर उसे प्यार से पास बैठा
लेते और कुछ-कुछ बताते रहते। भोलू भी भाग-भागकर मास्टर साहब के
लिए चाय-नाश्ता लाया करता। बच्चे अपनी कॉपी-किताबें जहाँ-तहाँ
फेंक देते तो उन्हें करीने से सजाता और देर तक कागज़ पर लिखे
हरफों को पकड़ने की कोशिश करता। कुछ आसानी से पकड़ में आ जाते,
जो मुश्किल से भी न आते तो दूसरे दिन मास्टर साहब के सामने उन
हरफों पर उँगली रख देता। मास्टर साहब मुस्कुराते और बता देते।
जब बाबूजी को अंग्रेज़ी के कुछ लफ्ज़ सुनाए तो वे अवाक रह गए।
माथे पर हाथ फेरते हुए बोले—"बेटा! इसलिए कहते हैं, पढ़े तो
पढ़ाओ, नहीं तो शहर में बसाओ...!" मन-ही-मन सोचते—काश! भोलू के
लिए कुछ कर पाता!
धीरे-धीरे सब सामान्य होने लगा। बुखार ने तो बाबूराम का पल्ला
छोड़ दिया, लेकिन कमज़ोरी अभी काफी थी। पाव भर दूध तो ऊँट के
मुँह में जीरे के समान था। सुबह-साम धान के भात से पेट तो भर
जाता, लेकिन रोटी न मिलने से मजबूती न आ रही थी। उधर वैद्य जी
ने बता दिया था कि एक सूखी रोटी ज़रूरी है। अब गेहूँ कहाँ से
आए? सँवरी किसी जतन से बाबूराम को ठीक देखना चाहती थी। इसी
चिंता में घुली जा रही थी।
दोपहर का समय था। मइया काम पर गई थी। बाबूराम सोया था। अचानक
खटपट की आवाज़ से नींद उखड़ गई। देखा, भोलू बाइसकोप चला रहा था
और सब कुछ वैसे ही कर रहा था जैसे वह करता था। बड़ी बारीकी से
बाइसकोप का हैंडिल घुमाता। अंदर चलते चित्रों का बाहर सटीक
बखान करता। कभी डुगडुगी बजाता, कभी दर्शकों को रिझाने का अभिनय
करता। बाबूराम ने बेटे को बाइसकोप चलाते देखा तो अंदर तक हिल
गया। तो क्या यह भी यही करेगा? चार पैसे और मुट्ठी भर अनाज के
लिए गाँव-गाँव फेरी लगाएगा? नहीं-नहीं, यह धंधा अब आगे न
जाएगा। सर्कस-सिनेमा के युग में बाइसकोप कहीं नहीं ठहरता। अब
बहुत हो चुका। वह बाइसकोप को किसी कुएँ के हवाले कर देगा,
लेकिन बेटे को छूने न देगा।
उधर भोलू अपनी रौ में गाए जा रहा था—
"ए रामा, विधना के करनवा राजा काशी बिकायो ना...
ए रामा, राज गयो, बेटा गयो, रानी बिकाई ना...
ए रामा, हरीशचंद्र जेके नामो सोहो शमशान धरयो ना...!"
आँखें छलछला आईं बाबूराम की। बर्दाश्त न हुआ तो जाकर बेटे को
पकड़ लिया और अपने आँसू छिपाते हुए गुस्से में बोला, "खबरदार!
आइंदा कभी बाइसकोप के पास भी न फटकना। ये खेल अब खत्म हो गया।
तुम कुछ और कर लेना, लेकिन इस मनहूस बाइसकोप से दूर ही रहना।
ये तुझे भूखे मार देगा। जान लो, अब यह मर चुका है। फिर मेरे
बाइसकोप के पास क्या जाना!"
बाबूराम ने खींचकर बेटे को बाइसकोप से दूर कर दिया। बेटा कभी
बाप को, कभी बाइसकोप को देर तक देखता रहा!
दिन गुजरने लगे। समय ने एक छोटी छलाँग ली। बाबूराम ने वैद्य जी
के कहे अनुसार कलकत्ता जाने का मन बना लिया है। अब राह-खर्च का
इंतज़ाम किया जा रहा है। सँवरी कई घर घूम आई है, लेकिन सबने हाथ
खड़े कर दिए हैं। उधर शहर से सटे गंगा किनारे दशहरे का उत्सव
है। भारी मेला लगा है। पाँच कोस तक आवाज़ गूँजती है। बेतहाशा
भीड़ है। दूर-दूर से तीर्थयात्री आए हैं। गंगा-आरती के समय
हज़ारों हाथ दीपक ले जब जयकारा करते हैं तो देखते बनता है।
बाहरी सैलानियों का अलग खेमा है। विलायती बाबू फोटो खींचते हैं
और जब कैमरों से बिजली-सी रोशनी फूटती है तो बरबस ध्यान चला
जाता है। लोग मुड़-मुड़कर देखने लगते हैं। गोरे बदन विलायती
बाबू मेले के खास आकर्षण हैं। वैसे मेले में मनोरंजन के सारे
इंतज़ाम हैं। केसर बाई की थिएटर कंपनी का टिकट मिलना मुश्किल
है। दो पैसे दो तो झूलेवाले महज पाँच चक्कर का मज़ा देते हैं।
विदेशी खिलौनों का अपना संसार है। पैसे हों तो लो, वरना दूर से
ही देखो।
मेले के किनारे एक बाइसकोपवाला भी आया है। तो क्या वह बाबूराम
है? नहीं-नहीं, उसने तो कसम खा रखी है। वह क्यों आएगा? तो फिर
कौन है? जी, यह भोलू है। उसी की ज़िद पर मइया माथे पर बाइसकोप
लाद लाई है। बाबूराम को कुछ नहीं मालूम। वह सिर्फ इतना जानता
है कि सँवरी बेटे को पहुँचाने शहर गई है। भोलू आलाप भरता है—"ए
रामा, विधना के करनवा राजा काशी बिकायो ना..." फिर आवाज़ देता
है—"आइए, आइए, सतयुग की कहानी देखिए! देखिए, कैसे राजा
हरिश्चंद्र ने दान-दक्षिण के लिए पत्नी को बेच दिया। सत्य की
रक्षा के लिए श्मशान घाट के दास बन गए! आइए, आइए, दो पैसे में
पूरा खेल देखिए!"
मासुम मन को बोलते-बोलते दोपहर हो गई, लेकिन बोहनी तक न हुई।
मइया बेटे की दशा देखती तो बिलख पड़ती। दौड़कर पानी पिलाती और
आँचल से मुँह का पसीना पोंछती। बावुजूद भोलू बिना रुके आवाज़
लगाता रहा। इसी बीच कुछ विलायती सैलानियों का जोड़ा गुज़रा।
भोलू की अदा भा गई तो खिंचे चले आए। एक ने पूछा, "व्हाट्स
दिस?"
भोलू ने उनकी भाषा का अंदाज़ा लगा लिया और उन्हीं की ज़ुबान में
बोला, "दिस इज़ बाइसकोप।"
"वाव! सो गुड! बट व्हॉट स्टोरी यू आर टेलिंग?" विलायती बाबू का
दूसरा सवाल भी समझ में आ गया। अब मास्टर साहब का सिखाया काम आ
गया।
बोला, "ए स्टोरी ऑफ एन ऑनेस्ट किंग हरिश्चंद्र। ही सोल्ड हिज़
वाइफ एंड सन।"
"व्हाई?" विलायती बाबू ने उत्सुकतावश पूछा। वजह बताना मुश्किल
हो रहा था, सो भोलू बोला, "यू गेट स्टोरी इनसाइड।"
बाबू मुस्कुराया और खेल देखने बैठ गया। उसके साथी भी बैठ गए।
फिर टूटी-फूटी हिंदी-अंग्रेज़ी में बंदा बोलता रहा और बाइसकोप
का हैंडिल घुमाता रहा। बारी-बारी से चित्र आने लगे। राजा सोए
हैं। विश्वामित्र आते हैं, स्वप्न में सारा राजपाठ माँग लेते
हैं। दूसरा चित्र आता है, दरबार लगा है। राजा परेशान हैं। तभी
एक क्रोधित साधु आते हैं और राजा को स्वप्न की बात याद दिलाते
हैं। राजा दान में अपना सबकुच्छ दे देते हैं। अब इतने बड़े दान
की दक्षिणा की बात आती है। कहानी आगे बढ़ती है। चित्र सबकुच्छ
बयाँ कर देते हैं। विलायती बाबू कहानी में रमने लगते हैं। जब
दक्षिणा के लिए राजा पत्नी को बेचते हैं तो दर्शक रोने-रोने को
हो जाते हैं।
खेल में गति आती है। राजा खुद को बेच श्मशान घाट की चाकरी पर
चले जाते हैं। भोलू पूरी तन्मयता से कथा सुना रहा था। बीच-बीच
में हल्के-फुल्के अंग्रेज़ी के शब्दों को भी रखा जाता। पुत्र
रोहित को जब साँप डँस लेता है और रानी तारमती उसे लेकर श्मशान
घाट जाती है तो कहानी अजीब मोड़ पर पहुँचती है। राजा अपनी ही
पत्नी से श्मशान घाट का कर माँगते हैं। जब रानी अपना आँचल
फाड़कर, कर के रूप में देने लगती है, तभी आकाशवाणी होती है और
भगवान, विश्वामित्र और अन्य देवता आ पहुँचते हैं। भगवान बताते
हैं कि राजा अपने सत्य की परीक्षा में सफल हो गए हैं। फिर सारा
राजपाठ वापस मिल जाता है, पुत्र भी जी उठता है। इस तरह कहानी
का सुखद अंत होता है।
पूरी कथा सुनाकर भोलू हाथ जोड़कर खड़ा हो गया। देखा, विलायती
बाबूओं की आँखें अब भी नम थीं। फिर क्या था! ढेरों बख्शीश
मिली। एक ने भोलू की फोटो खींची। दूसरा इतना खुश हुआ कि उसे
अपने माथे की टोपी पहना दी। फिर तो सिलसिला ही चल निकला।
सैकड़ों सैलानियों ने भोलू का बाइसकोप देखा और दिल खोलकर इनाम
दिया। मज़े की बात यह हुई कि विलायती बाबू बाइसकोप देखते थे और
यहाँ के लोग उन्हें देखते हुए बाइसकोप देखते थे।
दूसरे दिन मइया घर लौट आई। भोलू अपने सेठ के घर चला गया।
बाबूराम राह निहार रहा था। मइया झोले से उसके लिए धोती-कुर्ता,
बेटी के लिए साड़ी और नगद बत्तीस रुपए सौंपते हुए बोली, "लो,
अपने बेटे की कमाई!"
बाबूराम अवाक रह गया। फिर उसने विस्तार से सबकुच्छ बयाँ कर
दिया कि कैसे बेटे की ज़िद पर बाइसकोप को छुपाकर मेले ले गई थी
और कैसे यह कमाई हुई। सुनकर बाबूराम का मुँह खुला का खुला रह
गया। बड़ी मुश्किल से कह सका,
"कहाँ
है मेरा बाइसकोप?"
सँवरी बोली, "तुम्हारी डर से घर के पीछे छुपा दिया है।"
बाबूराम दौड़कर गया और बाइसकोप उठा लाया। फिर बहुत देर तक
बाइसकोप को चूमता रहा। तभी सँवरी बोली, "अब क्या कहते हो,
परसों पूरब की जतरा है और राह-खर्च का भी इंतज़ाम हो गया है।
क्या कलकत्ता जाओगे?"
बाबूराम साफ़ मुकर गया। बोला, "बाबू की पसंद का कुछ बढ़िया बना
दो। मैं कल सुबह-सवेरे शहर जा रहा हूँ। मुझे सबसे पहले अपने
बेटे से मिलना है।"
सँवरी ने गौर किया कि पति के चेहरे से ज़माने की उदासी छँट गई
थी और आज मुद्दतों बाद उसका पति बहुत सुंदर लग रहा था! |