मुखपृष्ठ

पुरालेख-तिथि-अनुसार -पुरालेख-विषयानुसार -हिंदी-लिंक -हमारे-लेखक -लेखकों से


कलम गही नहिं हाथ   

 

 

 

 

 

 

अरबी घोड़ों के बारे में तो हम सब जानते हैं। वे विश्व के सबसे अच्छे और महँगे घोड़ों में गिने जाते हैं। त्रिकोणाकार के सिर, चौड़ा माथा, बड़ी-बड़ी आँखें, लंबी नाक, छोटे थूथन, बलिष्ठ माँसपेशियों और ऊँची पूँछ को देखकर आप इन्हें दूर से पहचान सकते हैं। लेकिन क्या आप इमारात में उनके रहन सहन के बारे में जानते हैं। दुबई में घोड़े संगमरमर के फर्श और चित्रकारी से सुसज्जित छत वाले अस्तबल में रहते हैं- (चित्र ऊपर) ऐसी जीवनशैली जो बहुत से मनुष्यों को भी नसीब नहीं।

संयुक्त अरब इमारात में घुड़सवारी, दौड़ और सामान्य तौर पर घोड़ों को उच्च सम्मान दिया जाता है। इसके पीछे तर्क यह है कि उनके देश में इसका सांस्कृतिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। घुड़सवारी उनके सबसे पुराने प्रचलित रिवाजों में से एक है। वे इसे अपनी विरासत मानकर सहेजते हैं। इसे देश के गौरव एवं सम्मान के पारंपरिक मूल्यों को बनाए रखने के लिये भी महत्वपूर्ण माना जाता है। घोड़े प्रतिष्ठा और उच्च वर्ग का प्रतिनिधित्व करते हैं, और इस रूप में घुड़सवारी और रेसिंग इस देश के लिये बहुत महत्वपूर्ण हैं। वे मानते है कि घुड़सवारी से मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य दोनों में सुधार होता है, सवार और घोड़े के बीच बनाया गया सम्बंध आध्यात्मिक होता है क्योंकि यह एक इंसान और दूसरे इंसान से अलग होता है। उपयोगिता के आधार पर भी कारों के आने से पहले इस देश में घोड़े, ऊँटों के साथ, परिवहन का एकमात्र साधन थे।

घुड़सवारी दुबई की तेज़-तर्रार, पर्यटन वाली संस्कृति के भी अनुकूल है। समुद्र तट पर घुड़सवारी का अलग आनंद है। कहा जाता है कि संयुक्त अरब इमारात की संस्कृति का स्वाद लेने के लिए घोड़ों की सवारी के माध्यम से दुबई में पर्यटन के साथ विरासत को खोजना अपने आप में एक अनुभव है। आबूधाबी में रेतीले रास्तों और सर बानीयास द्वीप पर वन्यजीव पार्क की शांति का आनंद लेते हुए घुड़सवारी का आनंद लेने की व्यवस्था है। घुड़सवारी सीखने के क्लब और कक्षाएँ इमारात के हर शहर में हैं। पर्यटकों के लिये छोटे समय की पारिवारिक कक्षाओं की व्यवस्था भी है। इसके अतिरिक्त घोड़ों को करतबों के शो भी आकर्षक पर्यटकों के आकर्षण का केन्द्र बने रहते हैं।

आइये इमारात के छह सबसे अच्छे घुड़सवारी केंद्रों के बारे में जानते हैं। इस देश का शारजाह शहर देश की सांस्कृतिक राजधानी के रूप में जाना जाता है। यहाँ पर देश का पहला ''एक्वेस्ट्रियन सेंटर एंड रेसिंग क्लब'' स्थापित किया गया था। महामहिम शेख डॉ. सुल्तान बिन मोहम्मद अल कासिमी के संरक्षण में स्थापित यह मध्य पूर्व में सबसे बड़ी इनडोर घुड़सवारी सुविधाओं में से एक है, यह ऐसे योग्य सवारी प्रशिक्षकों से सुसज्जित है जिन्होंने अपने तकनीकी कौशल विशेष गौरव प्राप्त किया है।

उम्म सेक्विम मे स्थिति ''दुबई सिटी अस्तबल'', दुबई के डाउनटाउन क्षेत्र से केवल १० मिनट की दूरी पर है, जो शहर के उन निवासियों के लिए बिल्कुल उपयुक्त है जो या तो प्रशिक्षित हैं या अपनी घुड़सवारी यात्रा शुरू करना चाहते हैं क्योंकि यह अस्तबल वास्तव में सभी रेगिस्तानी घोड़ों के रोमांच के लिए एक आदर्श स्थान है। चाहे आप घुड़सवारी में रुचि रखते हों या बस एक शांत अश्व रेगिस्तानी विस्तार से गुजरने का अनुभव करना चाहते हों, दुबई अलऐन रोड पर स्थित ''एमीरेट्स एक्वेस्ट्रियन सेंटर'' दोनो प्रकार के आनंद के लिये उपयुक्त स्थान है। साथ में जंपिंग शो, ड्रेसेज, इवेंटिंग के बारे में सीखने, पोनी क्लब में शामिल होने या घुड़सवारी सीखने का अनुभव भी यहाँ लिया जा सकता है। रस-अल-खैमा में स्थित रिट्ज कार्लटन रिज़ॉर्ट अल वादी में, ''अल वादी एक्वेस्ट्रियन सेंटर'' सभी उम्र और कौशल स्तरों के मेहमानों के लिए घुड़सवारी की शिक्षा और प्रदर्शन की सविधाओं से समृद्ध है। बच्चों सहित अनुभवी और आरंभिक सवारों के लिए समूह और निजी कक्षाएँ उपलब्ध हैं। विशाल बाड़े और घुड़सवारी के मैदान की सुविधाएँ हैं।

जबल अली शहर के जेए, द रिज़ॉर्ट में एक विशाल वातानुकूलित अस्तबल की सुविधा है। संयुक्त अरब इमारात में घुड़सवारी के लिए यह अद्भुत जगह पूरी तरह से नियमित सवारी, प्रशिक्षण और प्राकृतिक रेगिस्तानी वातावरण का आनंद लेने के लिये पूरी तरह से उपयुक्त है। ये सुविधाएँ पूरे वर्ष जारी रहती हैं। दुबईलैंड में स्थित दुबई पोलो और घुड़सवारी क्लब एक अत्याधुनिक पोलो और घुड़सवारी क्लब है। साठ लाख वर्ग फुट से अधिक भूमि फैले इसके क्षेत्र में चार विश्व स्तरीय पोलो मैदान, एक पोलो अकादमी और एक समर्पित घुड़सवारी स्कूल शामिल हैं। स्पानी वास्तु से प्रभावित इसकी उत्कृष्टता और विलासिता दर्शनीय है। प्रशिक्षित घोड़ों और कुशल प्रशिक्षक यहाँ आपके कौशल को बेहतर बनाने में मदद करते हैं।

अब कुछ घोड़ा-प्रेमी महिलाओं के विषय में भी जानकारी प्राप्त कर लें। शेखा लतीफा बिन्त अहमद बिन जुमा अल मकतूम निश्चित रूप से संयुक्त अरब इमारात के सबसे प्रसिद्ध घुड़सवारों में से एक हैं। अपने देश में तो वे लोकप्रिय हैं ही, वे बीजिंग में आयोजित २००८ के ग्रीष्म ओलंपिक, २०१० में लेक्सिंग्टन केंटकी में आयोजित शो एक्विस्ट्रियन गेम्स केना अल-सईद की एक कलाकृतिऔर २०१३ एवं २०१५ में शो जंपिंग विश्वकप में वे घुड़सवारी के अनेक खेलों में संयुक्त अरब इमारात का प्रतिनिधित्व करने वाली पहली महिला बनीं। अब एक अद्भुत कलाकार के विषय में- केना अल-सईद अबू धाबी में स्थित एक पुरस्कार विजेता कलाकार हैं। वे अद्वितीय अनूठी कला का श्रेय अपने जुनून, और घोड़ों के प्रति अपने प्रेम को बताती हैं। उनके पास अपनी विशिष्ट शैली में घोड़े की यथार्थवादी कलाकृतियों का एक प्रतिष्ठित संग्रह है। उनका काम निश्चित रूप से आपको मंत्रमुग्ध कर देगा क्योंकि वे अपने चित्रों में घोड़ों की छिपी भावनाओं को व्यक्त करने का प्रयास करती है।

पूर्णिमा वर्मन
१ दिसंबर २०२३

bullet

अन्य आलेखों के लिये यहाँ क्लिक करें

1

1
मुखपृष्ठ पुरालेख तिथि अनुसार । पुरालेख विषयानुसार । अपनी प्रतिक्रिया  लिखें / पढ़े
1
1

© सर्वाधिका सुरक्षित
"अभिव्यक्ति" व्यक्तिगत अभिरुचि की अव्यवसायिक साहित्यिक पत्रिका है। इस में प्रकाशित सभी रचनाओं के सर्वाधिकार संबंधित लेखकों अथवा प्रकाशकों के पास सुरक्षित हैं। लेखक अथवा प्रकाशक की लिखित स्वीकृति के बिना इनके किसी भी अंश के पुनर्प्रकाशन की अनुमति नहीं है। यह पत्रिका प्रत्येक
सोमवार को परिवर्धित होती है।