| 		दुबई जब बादल या धुंध से ढँक जाता है तब भी 
		उसके कुछ नागरिक खुली धूप का आनंद ले रहे होते हैं। कहना न होगा कि बादल पे 
		पाँव रखने वाले वे अति समृद्ध लोग दुबई की उन गगनचुंबी इमारतों में रहते हैं 
		जो बादलों से भी ज्यादा ऊँची हैं। ये तो हम सभी जानते हैं कि दुबई दुनिया 
		में गगनचुंबी इमारतों का सबसे बड़ा केंद्र है जहाँ दुनिया की सबसे ऊँची 
		इमारत बुर्ज खलीफा भी है। १५० मीटर से अधिक ऊँचाई वाली इमारतों की संख्या 
		के मामले में न्यूयॉर्क और हांगकांग के बाद दुबई तीसरे स्थान पर है। इन 
		गगनचुंबी इमारतों में वास्तुशिल्प के चमत्कार और अत्याधुनिक सौंदर्य देखते 
		ही बनते हैं। इंजीनियरिंग और तकनीक के शानदार कीर्तिमानों को तोड़ने वाले 
		इन बुर्जों के प्रभावशाली कारनामों को देखने के लिए दुनिया भर से पर्यटक 
		दुबई आते हैं। यहाँ ८८ ऐसे टावर हैं जिनकी ऊँचाई १८० मीटर (५९१ फुट) से 
		अधिक है। इनमें से अधिकतर इमारतें दुबई मरीना क्षेत्र में स्थित हैं, जिसे 
		डाउनटाउन दुबई भी कहते हैं। आइये इसकी १० सबसे ऊँची इमारतों के विषय में 
		जानते हैं। 
		१- बुर्ज खलीफ़ा (८२८ मीटर)
 बुर्ज खलीफा दुबई और पूरी दुनिया में अब तक की सबसे ऊँची इमारत के रूप में 
		प्रसिद्ध है। ४ साल में बनकर तैयार हुई यह मानव निर्मित एक 
		विशाल संरचना है जिसमें, अपार्टमेंट, होटल, 
		पार्क, शॉपिंग सेंटर और एक हेलीपैड स्थित हैं। यहाँ स्थित एक मंच से शहर का 
		एक अविस्मरणीय मनोरम परिदृश्य दिखाई देता है। डाउनटाउन दुबई के जीवंत 
		समुदाय में स्थित, इस संरचना में १६३ मंजिल हैं। विश्व के १५ कीर्तिमानों 
		को अपने पास रखने वाले बुर्ज खलीफा के पास विश्व के सबसे ऊँचे नाइट क्लब और 
		दुनिया की सबसे ऊँची लिफ्ट का कीर्तिमान भी है। ५७ लिफ्ट और ८ एस्केलेटर 
		वाली इस गगनचुंबी इमारत में ३०,००० घर, ९ होटल, साढ़े चार एकड़ पार्क, 
		विश्व प्रसिद्ध दुबई मॉल और ३० एकड़ की बुर्ज खलीफा झील भी शामिल है।
 
		२- मरीना १०१ (४२५ मीटर)
 दुबई की दूसरी सबसे ऊँची इमारत यानी मरीना १०१, मरीना वाटरफ्रंट पर स्थित 
		है। इसका नाम मरीना १०१ इसीलिये है क्योंकि यह मरीना वाटर फ्रंट के पास 
		स्थित है और इसमें १०१ मंजिलें हैं। २००७ से २०१४ तक सात वर्षों में बनकर 
		तैयार होने वाली यह बिल्डिंग यूएई की सबसे ऊँची आवासीय इमारत है। २९ 
		लिफ्टों वाली इस इमारत की ३३ मंजिलों में २८१ कमरों वाले हार्ड रॉक नामक 
		होटल बसा हुआ है, जबकि ३४वीं से ९६वीं मंजिल तक एक बेडरूम वाले २५२ 
		और दो बेडरूम वाले २०४ अपार्टमेंट स्थित हैं। ९७वीं से १००वीं मंजिल तक छह 
		ड्यूपलेक्स पेन्टहाउस अपार्टमेंट हैं और १०१वीं मंजिल पर क्लब लाउंज, 
		रेस्टोरेंट और रॉक शॉप मर्केन्डाइज स्टोर है।
 
		३- प्रिंसेस टावर (४१४ मीटर)
 दुबई में तीसरी सबसे ऊँची इमारत प्रिंसेस टावर दुबई मरीना की ऊँची गगनचुंबी 
		इमारतों के बीच स्थित है और ''दुबई आई'' (वह ऊँचा गोल झूला जिससे सारा शहर 
		दिखाई देता है) और उसके तट के शानदार दृश्य प्रस्तुत करती है। वर्ष २०१२ से 
		२०१५ तक विश्व के सबसे ऊँचे आवासीय टावर के रूप में प्रसिद्ध यह टावर 
		आधुनिक वास्तुकला शैली का अनुपम उदाहरण तो है ही इसके ऊपर बने सजावटी गुंबद 
		को भी विश्व में बहुत प्रतिष्ठा प्राप्त है। प्रिंसेस टावर की १०७ मंजिलों 
		में से छह जमीन के नीचे और १०१ जमीन के ऊपर स्थित हैं। छह भूगर्भ मंजिलों 
		में ९५७ पार्किंग हैं जबकि ऊपर की मंजिलों में इनडोर और आउटडोर तरण ताल, 
		जिम, सौना, स्टीम रूम, व्यायाम कक्ष, बच्चों के अनेक क्रीडा स्थल, बैंक्वेट 
		हॉल और एक दृश्य डेक है जहाँ से पूरे शहर को देखा जा सकता है।
 
		४- २३ मरीना (३९३ मीटर) 
		दुबई के निरंतर विकसित होने वाले महानगर में, 
		८८ मंजिलों वाली, २३ मरीना गगनचुंबी इमारतों की सूची में चौथे स्थान पर है। 
		विलासिता, सौंदर्य और वास्तुकला की अनुपम मिसाल इसका ६-मंजिलों जितना ऊँचा 
		प्रवेश हॉल है जिसको खूबसूरती से डिजाइन की गई काँच की दीवारों और फर्श से 
		बनाया गया है। इसमें दो और तीन बेडरूम अपार्टमेंट के साथ साथ चार बेडरूम 
		डुप्लेक्स फ्लैट हैं। ५७ स्वीमिंग पूल और हर ड्यूपलेक्स की अपनी व्यक्तिगत 
		लिफ्ट है।  ४ भूमिगत मंजिलों के साथ ६२ 
		लिफ्ट वाले इस सावधानीपूर्वक विकसित इमारत में रनिंग ट्रैक, हेल्थ क्लब और 
		स्पा भी हैं। 
		५- एलीट रेजीडेंस (३८० मीटर)
		 
		दुबई में रोमांचक, विशाल आवासीय भवनों में से 
		एक, एलीट रेजिडेंस, शहर के अभिजात वर्ग के बीच एक लोकप्रिय विकल्प है। 
		जिसमें ९१ मंजिलों और लग्जरी सुविधाओं वाली, दुबई मरीना में स्थित यह इमारत 
		स्थापत्य कला और भव्यता की अनूठी कहानी है। वर्ष २०१२ में इसके पूरा होने 
		के समय, एलीट रेजिडेंस दुनिया की तीसरी सबसे ऊँची आवासीय इमारत थी। 
		हालाँकि, न्यूयॉर्क ४३२ पार्क एवेन्यू के पूरा होने के बाद, यह दुनिया के 
		सबसे ऊँचे आवासीय भवनों की सूची में चौथे स्थान पर खिसक गयी। इमारत में एक 
		बेड रूम से लेकर चार बेडरूम वाले पेंट हाउस तक ६९५ अपार्टमेंट हैं जो ७६ 
		मंजिलों में फैले हुए हैं। इनमें स्विमिंग पूल, जिम, जकूज़ी, सौना और 
		व्यापार केंद्र हैं। 
		६- दि एड्रेस बोल्वर्ड 
		(३६८ मीटर)
 दुबई शहर के केंद्र में स्थित, प्रतिष्ठित बुर्ज खलीफा के बगल में, एड्रेस 
		बोल्वर्ड संयुक्त अरब अमीरात के सबसे प्रतिष्ठित होटलों में से एक है। इस 
		संरचना में १९६ कमरे और ५३२ सर्विस्ड अपार्टमेंट हैं। आर्ट-डेको-शैली की 
		आंतरिक सज्जा और बुर्ज और दुबई फाउंटेन के अद्भुत दृश्य इसकी जीवंतता को 
		बढ़ाते हैं। इसके सामने निर्मित दो विशालकाय पंख कई विज्ञापनों या फिल्मों 
		का हिस्सा बने हैं, जहाँ लोग फोटो खिंचवाते हैं। ७३-मंजिला इस पाँच सितारा 
		होटल में में एक रेस्तरां और ३ पूल हैं और यहाँ से बुर्ज खलीफा के सुंदर 
		दृश्यों को देखा जा सकता है। होटल में अंतरराष्ट्रीय प्रसिद्धि वाले ४८ 
		कलाकारों द्वारा विशेष रूप से बनवाई गई २५१ मूल कलाकृतियाँ देखी जा सकती 
		हैं।
 
		७- अल्मास टॉवर (३६३ 
		मीटर)
 जुमेराह लेक टॉवर फ्रीज़ोन में स्थित, अल्मास टॉवर, जिसे डायमंड टॉवर भी 
		कहा जाता है, ६८ मंजिलों वाला एक कार्यालय भवन है। इस भवन की आकृति हीरे के 
		अनूठे आकार से प्रेरित है। इसकी दो मंजिलों में कटे हुए हीरे के पहलुओं से 
		प्रेरित आठ त्रिकोण और पोडियम वाला डायमंड एक्सचेंज स्थित है, जो अपने आप 
		में एक विशेषता है। डायमंड टावर के नाम से प्रसिद्ध यह अद्वितीय कार्यालय 
		भवन, जुमेराह लेक टावरों के खूबसूरत झुंड के साथ बहुत ही सुंदर दिखाई देता 
		है। अलमास झील के पूर्व एवं पश्चिम किनारों के बीच बने द्वीप पर स्थित, यह 
		भवन आधुनिक इंजीनियरिंग की बेमिसाल उपलब्धि माना जाता है।
 
		८- गेवोरा होटल (३५६ 
		मीटर)
 ५२८ सुइट्स और डीलक्स कमरों वाले इस होटल में पाँच अलग-अलग तरह के डाइनिंग 
		रेस्तरां, सुविधा सम्पन्न पूल डेक- जहाँ से शहर का सुंदर दृश्य देखा जा 
		सकता है, बेबी पूल, जाकुजी, छुट्टी मनाने की सभी विलासितापूर्ण सुविधाएँ, 
		बिजनेस मीटिंग की सुविधाएँ और एक स्वास्थ्य क्लब शामिल हैं। गिनीज वर्ल्ड 
		रिकॉर्ड के अनुसार यह दुनिया का सबसे ऊँचा होटल है। इसकी संरचना में विशेष 
		बात है- काँच की बाहरी दीवारें, जो सभी मंजिलों में पर्याप्त प्राकृतिक 
		प्रकाश के प्रवेश की अनुमति देती है। सुनहरे रंग वाला यह आकर्षक होटल 
		प्रतिष्ठित शेख जायद रोड पर सबसे अधिक पहचाने जाने वाले होटलों में से एक 
		है।
 
		९- इल प्रीमो (३५६ 
		मीटर)
 दुबई ओपेरा से कुछ ही कदम दूर द ओपेरा डिस्ट्रिक्ट के केंद्र में स्थित, इल 
		प्रिमो नामक गगनचुंबी इमारत है। यह डाउनटाउन दुबई के मंत्रमुग्ध कर देने 
		वाले दृश्यों और विशाल एवं उत्कृष्ट रूप से तैयार किए गए सुविधा सम्पन्न 
		अपार्टमेंटों के लिये जानी जाती है। काँच की दीवारों और भव्य कमरों वाले इन 
		अपार्टमेंटों से डाउनटाउन दुबई के हरे-भरे दृश्य और चहल-पहल का आनंद लिया 
		जा सकता है। संगमरमर के फर्श, अत्याधुनिक प्रकाश व्यवस्था से समृद्ध इस 
		इमारत को उन लोगों के लिए डिज़ाइन किया गया है जो हर दिन के हर पल को 
		संस्कृति और कला के साथ जीने में विश्वास रखते हैं। सांस्कृतिक उत्सव, पाक 
		कला उत्सव, दुबई मॉल में खरीदारी, सूक अल बहार की आकर्षक गलियाँ और दुबई 
		ओपेरा में सांस्कृतिक संध्या इल प्रिमो में रहने वालों के लिये बिलकुल 
		नजदीक है।
 
		१०- डब्लू जे मैरियेट 
		(३५५ मीटर) 
 शेख जायद रोड पर बिजनेस बे में स्थित ५ सितारा लक्ज़री होटल जे डब्लू 
		मैरिएट दो जुड़वाँ टावरों में निर्मित वास्तुकला का सुंदर नमूना है। यह 
		होटल अरब संस्कृति के प्रतीक खजूर के पेड़ से प्रेरित अभिव्यक्तिवादी शैली 
		में निर्मित है। इसके टावरों को ७ मंजिल ऊँचे पोडियम पर इस प्रकार डिजाइन 
		किया गया है, जिससे बुर्ज खलीफा, बिजनेस बे और समुद्र का आकर्षक दृश्य देखा 
		जा सकता है। ७२-मंजिलों वाले इस होटल को विश्व के दूसरे सबसे ऊँचे होटल का 
		स्थान प्राप्त है। मैरियट इंटरनेशनल द्वारा संचालित इस होटल में १३६४ 
		सामान्य अतिथि कक्ष, २४० सुइट्स, ४ प्रेसिडेंशियल सुइट्स, एक बैंक्वेट हॉल, 
		एक सभागार, १८ दुकानें, १९ रेस्तरां और एक स्पा है।
 
          
			पूर्णिमा 
		वर्मन१ नवंबर २०२२
 
 |