प्रौद्योगिकी

हिंदी टूलबार
-जगदीश भाटिया

हिंदी टूलबार इंटरनेट पर हिंदी में लिखने और पढ़ने वालों के लिये बहुत ही काम का टूल है। इसमें आपको हिंदी की सभी साइट्स के लिंक मिलते है इसके अलावा चिट्ठा-खोज, हिंदी लिखने में सहायता, एक क्लिक पर नारद, परिचर्चा और चिट्ठा-चर्चा, सभी हिंदी पत्रिकाओं के लिंक, सभी हिंदी के लिंक, एग्रीगेटरों के लिंक, क्रिकेट का स्कोर-कार्ड, ऑनलाइन रेडियो, पॉप अप ब्लॉकर, ईमेल नोटिफायर, गूगल समाचार और नारद के आर एस एस लाइव फ़ीड, गूगल पेज रेंक, बुक-मार्क करने की सुविधा, कुछ चिट्ठों के लिंक, बहुत से गजेट्स जैसे कि आपके शहर का मौसम और लाइव टीवी भी शामिल हैं। अभी तक इस टूलबार की एक हजार से भी अधिक प्रतियां डाउनलोड हो चुकी हैं। आइए इस टूलबार के बारे में विस्तार से जानते हैं।

  • सर्च : इसमें सामान्य गूगल सर्च के अतिरिक्त छवि, समाचार, स्टॉक और मौसम की खोज तो है ही, चिट्ठा-खोज में आप सभी एग्रीगेटरों से भी सीधे सर्च कर सकते हैं। यानी जो कुछ भी आप चिट्ठा-खोज पर सर्च करते हैं वह केवल नारद, हिंदी-ब्लॉग्स, चिट्ठा-जगत और ब्लॉग-वाणी से सर्च होगा।

  • हिंदी लिखें: इस बटन में कुशिनारा टूल का लिंक दिया गया है। इसे क्लिक करते ही आप जिस भी साइट या चिट्ठे पर हों, आप वहाँ हिंदी में लिख पाएँगे बिना किसी अन्य सॉफ्टवेयर की सहायता के। यानी अगर आपने अपने कंप्यूटर पर हिंदी लिखने का अलग से कोई सॉफ्टवेयर नहीं स्थापित किया है तो भी आप हिंदी लिख पाएँगे। इस टूल में आप फोनेटिक हिंदी लिख सकते हैं यानी यदि आपको ’भारत’ लिखना है तो आप ’bharat’ ही टाइप करेंगे।

  • परिचर्चा, नारद तथा चिट्ठा-चर्चा: एक क्लिक पर आप इन साइट्स पर जा सकते हैं।

  • पत्रिकाएँ : इस ड्रॉप डाउन मेनू में नेट पर हिंदी की २५ पत्रिकाओं के लिंक हैं। यानी यदि आप हिंदी पत्रिकाएँ पढ़ने के शौकीन हैं तो न तो लिंक के पते याद रखने का झंझट और न ही बुक-मार्क करने की जरूरत।

  • काम के लिंक : इसमें आपको मिलेंगे बहुत से काम के लिंक। सबसे पहले समाचार में हिंदी की सभी समाचारों कि साइट्स के लिंक हैं। इसके बाद हिंदी के शब्द कोश, फिर हिंदी के सर्च इंजन, इसके बाद हिंदी लिखने के सभी ऑनलाईन और ऑफ्लाइन टूल्स, गूगल और याहू समूह के लिंक और बहुत से अन्य काम के लिंक हैं।

  • एग्रीगेटर: हिंदी के सभी एग्रीगेटरों के लिंक इस मेनू में हैं। जितने भी और नये एग्रीगेटर आयेंगे उनके लिंक यहाँ जोड़े जायेंगे।

  • रेडियो : यह यंत्र इस टूलबार की खास विशेषता है। टूलबार में जुड़े इस रेडियो में पचास से अधिक हिंदी संगीत के रेडियो जो कि नेट पर उपलब्ध हैं, जोड़े गये हैं। इनमें आल इंडिया रेडियो से प्रसारित दैनिक दोपहर समाचार जो कि आधे घंटे का समाचार का कार्यक्रम है वह भी जुड़ा है और इसके साथ साथ आकाशवाणी के हर घंटे प्रसारित होने वाले पांच मिनट के हिंदी समाचार बुलेटिन भी अपने आप हर एक घंटे में अपडेट होते हैं। आप चाहें तो आप अपने लाइव स्ट्रीम भी इसमें जोड़ सकते हैं। इस सब के अलावा इस रेडियो प्लेयर की एक खूबी यह भी है कि आप इस पर अपनी हार्ड डिस्क पर सुरक्षित संगीत भी सुन सकते है यानी इंटरनेट पर सर्फ़ करते करते संगीत सुनने के लिये आपको अलग से मीडिया प्लेयर या और कोई ऐसा कार्यक्रम चलाने की आवश्यकता नहीं है।

  • ईमेल नोटिफ़ायर : आप इसमें अपने ईमेल अकाउंट को सेट कर सकते हैं। आप इसमें हॉटमेल, याहू, जी मेल तथा कोई भी पीओपी (POP) अकाउंट सेट कर सकते हैं। नई मेल आने पर यह नोटिफायर आवाज़ के साथ आपको सूचित करता है।

  • पॉप अप ब्लॉकर : किसी भी साइट पर तंग करने वाले पॉप अप रोकने के लिये।

  • समाचार फ़ीड : गूगल समाचार की आर एस एस फ़ीड जिसमें आप पचास ताजा समाचारों के शीर्षक देख सकते हैं।

  • क्रिकेट स्कोर कार्ड : इसमें जुड़ा है लाइव क्रिकेट स्कोर कार्ड। इस स्कोर कार्ड पर अपने आप अपडेट होने वाला स्कोर कार्ड है जो विश्व में कही भी हो रहे क्रिकेट मैच का लाइव स्कोर देता है। इस छोटे से विजेट को आप स्क्रीन पर कहीं भी लेजा सकते हैं।

  • चिट्ठों की फ़ीड: यदि आपको बार बार नारद पर झाँकने की आदत है तो आपके बहुत काम का बटन है। इसमें चिट्ठों की ताजा फ़ीड अपने आप अपडेट होती रहती है।

  • चिट्ठों की सूची: हिंदी के कुछ अच्छे चिट्ठों की सूची जहां आप सीधे क्लिक करके इन में से किसी भी चिट्ठे पर पहुंच सकते हैं।

  • संदेश : यहाँ आपको टूलबार में हुए ताजा परिवर्तनों के बारे में सूचित किया जायेगा। यह संदेश दोनों तरफ से काम करते हैं अर्थात यदि आप भी कोई सुझाव देना चाहते हैं, टूलबार में कोई समस्या आ रही है अथवा आप टूलबार के प्रयोगकर्ताओं को कोई संदेश देना चाहते हैं तो आप भी यहाँ संदेश भेज सकते हैं।

  • खेल : यहाँ आप कभी कभी छोटे छोटे गेम खेल सकते हैं।

  • मौसम : आपके शहर का लाइव मौसम तथा आने वाले दिनों के लिये मौसम की भविष्यवाणी यहाँ है।

  • गूगल पेज रैंक : यहाँ आप जिस साइट पर जा रहे हैं उसका गूगल पेज रैंक भी देख सकते हैं।

  • इसके अलावा आप इसमें और भी कई उपकरण जोड़ सकते हैं जिनमें प्रमुख है लाइव टीवी।

आपको इस बात का भी नियंत्रण होगा कि आप इस टूलबार में कौन सा कंपोनेंट रखना चाहते हैं तथा कौन सा कंपोनेंट हटाना चाहते हैं।
हिंदी टूलबार को यहाँ से डाउनलोड किया जा सकता है।
यदि आप इस टूलबार के लिये कोई सुझाव देना चाहते हैं तो आपका स्वागत है।

२४ सितंबर २००७